बेमेतरा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बेमेतरा, 26 मार्च। पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने नगर में जल संकट के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण आवश्यक बैठक बुलाई। जिसमें उन्होंने जल की गंभीर समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए इस पर समाधान के लिए वार्ड पार्षद नगर पालिका सीएमओ के सामने अपनी बात रखी। नगर की जल समस्या के समाधान के लिए महत्वपूर्ण बैठक में नल ऑपरेटर भी उपस्थित थे। बैठक में नल जल विभाग के कर्मचारियों के साथ विचार विमर्श किया गया। साथ ही नगर में पानी की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सभी ने बैठक में अपने अपने विचार साझा किए।
अध्यक्ष ने नगर के समानित जनता से पानी बचाने और दुरूपयोग रोकने अपील भी की, कहा पानी एक प्राकृतिक संसाधन है जिसे कृत्रिम रूप से नहीं बनाया जा सकता। पानी बचाना हम सबकी जिमेदारी है। इसके तहत यह जांच करें कि घरों में पानी का रिसाव न हो,जितनी आवश्यकता हो उतने ही जल का उपयोग करें। पानी के नलों को इस्तेमाल करने के बाद बंद रखें। समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश
नगर पालिका कर्मचारी का दायित्व नगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना, सफाई, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था आदि की देखभाल करना और नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करना होता है। इसके लिए आप लोग अपने ड्यूटी टाइम का विशेष ध्यान रखें। आप जब समस्या के समाधान के समय पर उपस्थित रहेंगे तो , समस्या का तत्काल निराकरण करने का मौका मिलेगा। आप अपनी जिमेदारी समझे। ऐसे कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी जाती है, जो अपनी ड्यूटी के समय लापरवाही बरतते हैं। अब लापरवाही नहीं बरतें। अपने काम को अपना नैतिक कर्तव्य समझें। जो कर्मचारी अपने पुराने ढर्रे में चलते आ रहे हैं, वो अपना रवैया सुधार लें। हमको नगर में सेवा और सुचारू व्यवस्था देना है। ड्यूटी टाइम पर नशे से दूर रहें। नगर की जनता से किसी प्रकार के वाद-विवाद न करें। बेमेतरा के नागरिकों की सेवा के लिए हम सदैव तत्पर रहेंगे। बैठक में सीएमओ कोमल ठाकुर इंजीनियर सहित पार्षद नीतू कोठारी, विकास तंबोली, रवि मुलवानी, आकिब मलकानी अन्य पार्षद नल ऑपरेटर सहित नगर पालिका अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


