बेमेतरा
मूर्तियों के रखरखाव को लेकर कांग्रेस व भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 10 मार्च। शहर में कांग्रेस के कार्यकाल में महान विभूतियों के नाम पर 8 चौक पर मूर्तियों की स्थापना की गई। करोड़ों की लागत से लगी महान विभूतियों की मूर्तियां खंडित हो गई हैं। मूर्तियों की लगातार उपेक्षा से शहरवासियो में खासी नाराजगी है। इस मामले को लेकर कांग्रेस व भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप जारी है।
पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा के अनुसार के अनुसार विधानसभा चुनाव के 13 महीने बाद भी मूर्तियों के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया गया। सभी मूर्तियों के लिए कांग्रेस सरकार के द्वारा राशि स्वीकृत हुई थी। बावजूद भाजपा सरकार में मूर्तियों की उपेक्षा जारी है। इसके विपरीत नपाध्यक्ष विजय सिन्हा ने कांग्रेस पर राजनीति करने के आरोप लगाए हैं।
50 लाख की लागत से बने भारत माता चौक की रौनक गायब
पियर्स चौक स्थित 50 लाख की लागत से बने भारत माता चौक की रौनक गायब हो गई है। घटिया निर्माण का आलम यह है कि करीब दो साल पहले निर्माण होने के बाद भारत माता मूर्ति का रंग रोगन पूरी तरह से गायब है। गौरतलब हो कि भारत माता चौक का निर्माण लोक निर्माण विभाग के द्वारा किया गया है। जानकारी के अनुसार निर्माण के कुछ दिनों के भीतर भारत माता चौक नगर पालिका को हैंडओवर कर दिया गया था।
करोड़ों की लागत से शहर में 8 महान विभूतियां के नाम पर मूर्तियों की स्थापना
करोड़ों रुपए की लागत से शहर में आठ महान विभूतियां के नाम पर मूर्तियों की स्थापना की गई है। मूर्तियों की स्थापना के बाद से उनके रखरखाव की ओर ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद से मूर्तियां अपनी रौनक खोती जा रही हैं। शहर में भारत माता चौक, सूर्य नमस्कार चौक, महतारी चौक, महेश चौक, गुरु गोविंद सिंग चौक, माता कर्मा चौक, गांधी चौक, सतनाम जैतखाम चौक का निर्माण हुआ है।
घटिया निर्माण भारत माता का अपमान
भारत माता चौक के भूमि पूजन में पूर्व लोक निर्माण विभाग मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा समेत कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल हुए थे। भूमि पूजन 25 अप्रैल 2022 को हुआ था। वहीं 12 नवंबर 2022 को लोकार्पण हुआ। चौक की सुंदरता देखकर शहरवासियों में हर्ष का माहौल था। अब शहर के लोगों में नाराजगी है। शहरवासी ओमकार वर्मा के अनुसार भारी भरकम लागत के बावजूद इस तरह का घटिया निर्माण भारत माता के अपमान को दर्शाता है। जिम्मेदार ठेकेदार पर कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैक लिस्ट किया जाए।
ढाई साल पहले भाजपाइयों ने निर्माण एजेंसी पर घटिया निर्माण का लगाया था आरोप
करीब ढाई साल पहले भक्त माता कर्मा की मूर्ति खंडित होने के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौपकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी । गौरतलब हो कि पालिका क्षेत्र के वार्ड 12 सिंघौरी में नवनिर्मित भक्त माता कर्मा की मूर्ति में गुणवत्ताहीन कार्य से मूर्ति खंडित हो गई।


