बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 मार्च। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने महिला दिवस के अवसर पर समाज में श्रेष्ठ कार्य कर रही महिलाओं को सम्मान किया।
भारत रत्न पैलेस में आयोजित वृहद महतारी वंदन समेलन में संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं न केवल परिवार की धुरी हैं, बल्कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, स्वच्छता, समाजसेवा और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। चाहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हों या मितानिन, महिला स्वच्छग्राही हों या नगर निकाय की सफाई कर्मचारी इन सभी ने जिले को स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध बनाने में अपनी मेहनत और समर्पण का परिचय दिया है।
सम्मेलन में विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अजय साहू,राजेंद्र शर्मा, योगेश तिवारी एवं पूर्व सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
समाज में सकारात्मक बदलाव
नव निर्वाचित जिपं अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला अधिकारी और कर्मचारी अपनी सेवाओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। बच्चों और महिलाओं के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों में उनका योगदान प्रशंसनीय है। मितानिनों ने स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे जिले में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ी है।
महिलाओं को सशक्त बनाने हर माह दिए जा रहे हजार रुपए
छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को सुनिश्चित करने के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की है, जिसके तहत राज्य की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही है।
समाज के विकास में महिलाओं का अमूल्य योगदान
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित किया गया। जहां पंचायत चुनावों में महिलाओं को सबसे पहले 50 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया गया । आज बेमेतरा जिला पंचायत की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर महिलाओं का नेतृत्व यह दर्शाता है कि महिलाएं अब नीति-निर्माण की प्रक्रिया का सक्रिय हिस्सा बन रही हैं।
पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी भागीदारी
विधायक दीपेश साहू और विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि महिलाए अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज के विकास में उनका योगदान अमूल्य है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा और आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढऩे का आह्वान किया। मंत्री दयाल दास बघेल ने जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समेलन में विभिन्न विभागों की 46 महिलाओं को समानित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत स्तर की उन कर्मठ महिलाओं को सम्मानित किया गया।


