बेमेतरा
अधिक से अधिक मतदाताओं से मिलने लगी होड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 10 फरवरी। जिले के 10 नगरीय निकायों में चुनावी प्रचार के लिए शोरगुल थम गया है। बेमेतरा, नगर पालिका में अध्यक्ष के एक पद के लिए 4 व पार्षद के 21 पद के लिए 59 दावेदार हैं। नगर पंचायत साजा, परपोड़ी , नवागढ़, बेरला, देवकर, भिभौरी, कुसमी, दाढ़ी व थानखम्हरिया में अध्यक्ष के एक-एक पद के लिए 32 दावेदार हंै। पार्षद के कुल 402 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हंै।
निकाय चुनाव 2025 के लिए 11 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को संबंधित निकाय क्षेत्र में बनाये गए स्ट्रांग रूम से मतदान दल की रवानगी सोमवार को हुई। जिले के 10 निकायो में मंगलवार को सुबह 8 बजे से मतदान प्रारंभ होना है ।
मतदान प्रारंभ होने से निर्धारित समय पूर्व रविवार से शोरगुल वाला प्रचार थम गया है। नगर पालिका के सभी 21 वार्ड के पार्षद एवं अध्यक्ष पद के दावेदारों ने जमकर पसीना बहाया है। प्रचार थमने से पहले प्रत्याशियों ने मिले समय का भरपुर उपयोग किया। इस दौरान दल व दावेदारों ने बाजे-गाजे के साथ जुलूस निकालकर घर-घर जाकर जनसंपर्क, डीजे, नाचा पार्टी व मंचीय कलाकारों के माध्यम से प्रचार किया गया है। रविवार को शहर के गली-चौराहों में प्रचार करने वालों की भीड़ रही ।
4 प्रत्याशियों में एक ने स्वयं किया जनसंपर्क
जिले के सबसे अहम बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के सुमन गोस्वामी ,भाजपा के विजय सिन्हा व निर्दलीय प्रत्याशी घनश्याम देवांगन अपने समर्थकों को लेकर नगर के मतदाताओं से मिल रहे हैं। वहीं वार्ड 20 निवासी प्रकाश नारायण साहू स्वयं घर-घर जाकर जनसपंर्क करते नजर आए। बेमेतरा निकाय में त्रिकोणीय स्थिति है।
जिला मुख्यालय में 36 मतदान केन्द्र , 27 हजार से अधिक मतदाता
जिला मुख्यालय के 21 वार्ड के लिए 36 मतदान केन्द्र बनाए गए है जिसमें 13209 पुरूष एवं 13800 महिला मतदाता है। जिला मुख्यालय के चार बुथ में ही पुरूष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक है, जिसमें वार्ड 2 के बूथ क्रमांक 2, वार्ड 8 के बूथ क्रमांक 2 एवं वार्ड 10 के दोनो बूथ में पुरूष मतदाताओं की संख्या अधिक है। वार्ड 17 के बूथ क्रमांक दो में पुरूष मतदाताओं की संख्या अधिक है। जिले के अन्य निकायों में 134 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
अध्यक्ष के 10 पद के लिए 36 और 171 पार्षद के लिए 461 प्रत्याशी
नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए 4 दावेदार व 21 वार्ड पार्षद पद के लिए 59 दावेदार हैं। कुसमी नगर पंचायत में अध्यक्ष के लिए दो एवं 15 पार्षद पद के लिए 58 दावेदार हैं। बेरला के अध्यक्ष के लिए दो, पार्षद के 15 पद के लिए 45 दावेदार, नवागढ में अध्यक्ष के लिए 3 दावेदार व 15 पार्षद पद के लिए 48 दावेदार हैं। साजा में अध्यक्ष के लिए 3 दावेदार, 15 पार्षद पद के लिए 36 दावेदार हैं। परपोड़ी में अध्यक्ष के लिए दो व पार्षद के 15 पद के लिए 33 दावेदार हैं। थानखम्हरिया में अध्यक्ष के लिए 3 दावेदार व पार्षद के 15 पद के लिए 37 दावेदार हैं। दाढ़ी में अध्यक्ष पद के लिए 3 दावेदार व पार्षद के 15 पद के लिए 55 दावेदार हैं। भिभौरी में अध्यक्ष के लिए 3 व पार्षद के 15 पद के लिए 50 दावेदार, देवकर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए 5 दावेदार हैं, वही 40 दावेदार पार्षद के 15 पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।


