बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 2 फरवरी। जिले के 10 निकायों में से बेरला, कुसमी व परपोड़ी नगर पंचायत को छोडक़र बेमेतरा नगर पालिका व अन्य 6 नगर पंचायतों में चुनावी मुकाबला बहुकोणीय स्थिति में है। जिले में सर्वाधिक दावेदार देवकर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हैं। अध्यक्ष के साथ ही 155 पार्षद पदों के लिए हो रहे निर्वाचन के लिए 461 दावेदार मैदान में हैं।
बेमेतरा नगर पालिका के 21 पार्षद पद के लिए 59 दावेदार मैदान में हैं, जो शुक्रवार को नाम वापसी के बाद मिले सिबॉल लेकर जनता के सामने जा रहे हैं।
जानकारी हो कि निकाय चुनाव के लिए नाम वापसी व चिन्ह मिलने के बाद अब मैदान में किस्मत अजमाने वाले प्रत्याशी ही मैदान में हैं। इससे पूर्व बेमेतरा नगर पालिका के लिए अध्यक्ष पद की दावेदारी कर रहे शिवकुमार साहू ने नाम वापस लिया था, वहीं पार्षद पद के 9 अभ्यर्थी मैदान छोड़ चुके हैं। शुक्रवार की देर शाम तक बचे दावेदारों को चुनाव चिन्ह दिया गया है।
बेमेतरा नगर पालिका के 9 वार्डों में भाजपा कांग्रेस में टक्कर
21 सदस्यीय नगर पालिका में 9 वार्ड के लिए केवल दो-दो अभ्यर्थी ही मैदान में हैं, जिसमे वार्ड 3, 4, 6, 7, 8, 11, 16, 19 व वार्ड 21 में भाजपा व काग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। बचे 12 वार्डों में से वार्ड 1, 2, 4, 17 व 20 में 4, वार्ड 10, 13, 14 व 18 में 3 और वार्ड 9 में सर्वाधिक 9 प्रत्याशी हैं।
पंजा व कमल निशान के बाद सिलाई मशीन पहली पसंद
निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चुनाव चिन्ह में राष्ट्रीय दलों को छोडक़र 40 चुनाव चिन्हों को सूचीबद्ध किया गया है। बीते चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों की पंसद रही दो पत्ती, बरगद, झोपड़ी व उगता सूरज चुनाव चिन्ह की सूची से बाहर है।
जारी समय में सिलाई मशीन छाप पर चार दावेदार अपने-अपने वार्ड से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं नारियल पेड़ छाप पर दो दावेदार व रेडियो, ब्लैक बोर्ड, अलमारी, टॉर्च, कंप्यूटर सेट, रिमोट, कूलर, गैस चूल्हा, हाथ ठेला चुनाव चिन्ह लेकर अभ्यर्थी मैदान में हैं।
दो अभ्यर्थी अध्यक्ष एवं पार्षद दोनों पद के लिए मैदान में
अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से विजय सिन्हा, कांग्रेस की ओर से सुमन गोस्वामी, निर्दलीय पूर्व पार्षद घनश्याम देवांगन व प्रकाश नारायण साहू चुनाव लड़ रहे हैं, जिसमें से प्रकाश नारायण साहू वार्ड 20 से पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं वार्ड 17 के लिए घनश्याम देवागंन पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। प्रकाश नारायण पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं।
तीन निकायों में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, अन्य मैदान से बाहर
जिले के 10 निकायों में से 3 नगर पंचायत बेरला, कुसमी व परपोड़ी में केवल राजनीतिक दल के दावेदार ही मैदान में हैं। हालांकि कुसमी व परपोड़ी में 2 -2 दावेदार थे। वहीं बेरला में अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे 3 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद से आमने-सामने की टक्कर है। वहीं नवागढ़ में अध्यक्ष पद के तीन दावेदार, साजा में 3, खहरिया में 3, दाढ़ी में 3, भिभौरी 3, बेमेतरा में 4 और देवकर में 5 दावेदार अध्यक्ष पद के लिए किस्मत अजमा रहे हैं।
अर्जुन गुरुजी पहले विधायक के लिए लड़ चुके हैं चुनाव
नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 में तीन दावेदार चुनाव मैदान में हैं, जिसमें से अर्जुन सिंह ठाकुर गुरुजी बीते विधानसभा चुनाव के लिए विधायक के लिए चुनाव लड़ चुके हैं, जिसके बाद भाजपा में आने के बाद पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इस वार्ड में प्रकाश ठाकुर कांग्रेस व पंच भाई गौर्या चुनाव लड़ रहे हैं।
कुसमी नपं के 15 वार्ड में सबसे अधिक दावेदार
सभी 9 नगर पंचायत के 15-15 पार्षद पदों के लिए 402 दावेदार मैदान में हैं, जिसमें कुसमी में 58, बेरला में 45, नवागढ़ 48, साजा 36, परपोड़ी 33, खहरिया 37, दाढ़ी 55, भिभौरी 50 व देवकर में पार्षद के लिए 40 दावेदार हैं। साजा व परपोड़ी नगर पंचायत के एक दो वार्ड को अपवाद मानकर छोड़ दिया जाए तो यहां पर अधिकांश वार्ड में दो-दो दावेदार ही हैं।


