बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 22 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को नवागढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ओपन पंथी नृत्य प्रतियोगिता एवं गुरु घासीदास लोक कला महोत्सव 2024 के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने नवागढ़ में बाबा गुरु घासीदास जैतखाम में पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए बाबा का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री साय सहित विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री साय सहित अतिथियों का स्वागत खाद्य मंत्री और सतनामी कल्याण समिति के सदस्यों ने किया। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों के लिए भूमिपूजन व लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास एक महान संत थे। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास के संदेशों को अपनाते हुए हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने अपनी साधना और तपस्या के बल पर पूरे मानव समाज को एकता के सूत्र में बांधा। छुआछूत की भावना को दूर करते हुए सर्व समाज को आगे बढऩे की प्रेरणा दी।
गुरु के बताए उपदेश पर चलने की प्रतिज्ञा लेते हैं - डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने एक बार में एक मंच पर 209 करोड़ रूपये के काम कराने की घोषणा नवागढ़ में एक साथ की। उन्होंने कहा कि 18 से 21 दिसंबर तक पंथी के माध्यम से गुरु का गान होता है। उनके बताये उपदेश पर चलने की प्रतिज्ञा लेते हैं। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अल्प समय में काम करके दिखाया है। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में 18 लाख आवास बनाने की स्वीकृति दी है।
209 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया
मुयमंत्री विष्णुदेव साय ने 209 करोड़ 12 लाख 57 हजार रूपए के 74 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। इनमें 47 करोड़ 44 लाख 81 हजार के 24 कार्यों का भूमिपूजन और 161 करोड़ 67 लाख 76 हजार रुपए के 49 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी और घरेलू सामग्री भी सौंपी।


