बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 दिसंबर। शहरी सत्ता के लिए निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व प्रशासनिक तैयारी तेज करते हुए बेमेतरा नगर पालिका व अन्य पंचायतों के लिए चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। आने वाले मंगलवार को जिला कार्यालय में आरक्षण की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
दावा-आपत्ति के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में जिले के 10 निकायों में कुल 73660 मतदाता अपने शहर की सरकार चुनेंगे। इनमें सर्वाधिक 26535 मतदाता बेमेतरा नगर पालिका में हैं, वहीं भिंभौरी नगर पंचायत के 15 वार्डों में सबसे कम महज 3519 मतदाता ही हैं। कुल मतदाताओं में महिलाओं की संख्या पुरूष से लगभग करीब 19 सौ अधिक है। ऐसे में शहर सरकार बनाने में महिलाओं की भूमिका अहम रहेगी। स्थानीय निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन सूची के अनुसार नगर पालिका अंतर्गत कुल मतदाताओं की संया 73 हजार 660 है, जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 35 हजार 918 व महिला मतदाताओं की संख्या 37 हजार 742 है।
कलेक्टर रणवीर शर्मा के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ नगर पालिका (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण) नियम 1994 के प्रावधान अनुसार 1 नगर पालिका परिषद व 9 नगर पंचायत के वार्डों का आरक्षण 17 दिसंबर को जिला कार्यालय में किया जाएगा। नगरीय निकायों (मारो को छोडक़र) के वार्डों का आरक्षण मंगलवार को होगा, जिसमें निकाय का नाम वार्डों के आरक्षण के लिए निर्धारित समय तय किया गया है।
सुबह 11 बजे से आरक्षण की प्रक्रिया होगी शुरू
नगर पालिका परिषद बेमेतरा समय 11 से 11.30 बजे तक, नगर पंचायत नवागढ़ 11.30 से 12 बजे तक, बेरला 12 से 12.30 बजे, थानखहरिया 12.30 से 1, देवकर 1 से 1.30 बजे, भिंभौरी 2.30 से 3 बजे तक निर्धारित है। वहीं नगर पंचायत कुसमी 3 से 3.30 बजे तक, दाढ़ी 3.30 4 बजे तक, साजा 4 से 4.30, परपोड़ी 4.30 से 5 बजे तक रहेगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा महिलाओं के लिए आरक्षित करने की कार्रवाई लॉट डालकर की जाएगी। संबंधित क्षेत्र के व्यक्ति के आरक्षण की कार्रवाई के दौरान निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित हो सकते हैं।
जिले के निकायों की जानकारी
नगर पालिका की संख्या 01
नगर पंचायतों की संख्या- 09
कुल निकायों की संख्या- 10
जिले में कुल वार्ड की संख्या- 156
पुरूष मतदाताओं की संख्या- 35918
महिला मतदाताओं की संख्या- 37742
कुल मतदाताओं की संख्या- 73660
जिले में 156 वार्ड, बेमेतरा में
21 व अन्य में 15-15 वार्ड
जिला के 10 निकायों में सबसे बड़े बेमेतरा नगर पालिका में 21 वार्ड हैं, जिसमें 12928 पुरूष व 13607 महिला मतदाता समेत 26535 मतदाता हैं। इसी तरह 9 नगर पंचायतों मेें बेरला में 2338 पुरूष व 2505 महिला समेत 4843 मतदाता हैं। साजा में 2339 पुरूष व 2482 महिला सहित 4821 मतदाता, थानखहरिया 3790 पुरूष व 4050 महिला मिलाकर 7840 मतदाता, देवकर में 5374 मतदाताओं में 2618 पुरूष व 2756 महिला मतदाता हैं। परपोड़ी में 1574 पुरूष व 1654 महिला मतदाता समेत 3228 मतदाता हैं।
नवागढ़ नगर पंचायत में 9411 मतदाता हैं, जिसमें 4617 पुरूष व 4794 महिला मतदाता हैं।
त्रुटिपूर्ण है अंतिम प्रकाशन इसलिए पारदर्शिता नहीं
शहर कांग्रेस कमेेटी अध्यक्ष सुमन गोस्वमाी ने कहा कि पालिका के लिए जारी अंतिम प्रकाशन त्रुुटिपूर्ण है, जिसमें कई तरह की जानकारी अपूर्ण है। जिमेदार अपनी गलती छुपाने के लिए पारिदर्शिता नहीं बरत रहे हैं। बहरहाल निकाय चुनाव के पूर्व चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं।
दाढ़ी, कुसमी व भिंभौरी में होगा निकाय चुनाव
ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बनने के बाद जिले के तीन निकाय दाढ़ी, भिभौरी व कुसमी में पहली बार निकाय चुनाव होना है। 15 -15 वार्ड वाले तीनों नगर पंचायत हैं। दाढ़ी नगर पंचायत में 4129 मतदाता हैं, जिसमें 2054 पुरूष व 2075 महिला मतदाता हैं। इसी तरह भिंभौैरी मे 1718 पुरूष व 1801 महिला मतदाता समेत 3519 मतदाता हैं। कुसमी नगर पंचायत में 1942 पुरूष व 2018 महिला मतदाता मिलाकर 3960 मतदाता हैं। जिले के 10 निकाय में 35918 पुरूष व 37742 महिला मतदाता समेत 73660 मतदाता हैं। सभी निकायों में महिलाओं की संया पुरूष मतदाताओं से अधिक है।


