बेमेतरा

अधिकारियों के कहने पर शराब में पानी मिलाते थे...
27-Oct-2024 2:20 PM
अधिकारियों के कहने पर  शराब में पानी मिलाते थे...

काम से निकाले गए कर्मचारियों ने किया खुलासा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 अक्टूबर।
सरकारी शराब दुकानों में नियुक्त प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा पानी मिलाकर शराब बेचने का मामला सामने आया है। जब पानी मिलाकर बेचे जाने का मामला उजागर होने के बाद कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, तब मामले का खुलासा काम से निकाले गए कर्मचारियों ने प्रेस वार्ता कर किया है।

2018 से कार्य कर रहे कर्मचारियों को जब 21 सितंबर को बाहर किया गया तो इन कर्मचारियों ने विभाग की कलई खोल दी। शेख गौहर, सतीश बारले,गोलू निषाद, बिष्णु गेंड्रे ने आरोप लगाते बताया कि वे अधिकारियों के कहने पर ही शराब में पानी मिलाया करते थे। जिससे प्रति महीने साठ हजार की मोटी कमाई आबकारी अधिकारी को होती थी। 

इन कर्मचारियों का आगे कहना है कि भर्ती के समय तीस हजार की घूस उनके द्वारा दिया गया था। हम लोगों को हटाकर दूसरे की भर्ती में एक लाख तक की घूस बनेगी। अधिकारी या सुपरवाइजर पर कार्रवाई न कर हम पर की जा रही है। कहने के लिए तो राज्य सरकार द्वारा शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 14405 भी जारी किया गया है, किंतु शिकायत पर कोई कार्रवाई भी नहीं होती। जिनके ऊपर अधिकारियों का हाथ है, उन पर कार्रवाई नहीं होती।

हटाए गए कर्मचारियों का कहना है कि उनसे कोरे कागज पर भी साइन भी करा लिया गया है। उन्हें काम पर वापस रखा जाय अन्यथा वे कोर्ट की शरण लेंगे।
सह आबकारी अधिकारी सुनील खंडूजा का इस संबंध में कहना है कि सुपरवाइजर की अनुपस्थिति में ये कर्मचारी शराब में पानी मिलाते पकड़े गए, इसलिए इन पर कार्रवाई की गई है। जो भी इसमें लिप्त हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट