बेमेतरा

खरपतवार से कंचन बना रहे अंचल के किशोर-प्रज्ञा
24-Sep-2024 2:58 PM
खरपतवार से कंचन बना रहे अंचल के किशोर-प्रज्ञा

जिपं सदस्य को भिन्डी, अलसी व खरपतवार से बनाई साड़ी भेंट की 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 सितंबर।
धान के 200 से अधिक किस्मों के बीजों के संग्रहण के लिए राज्य शासन से सम्मानित कृषि अनुसंधानी किशोर राजपूत ने जिला पंचायत सदस्य प्रज्ञा निर्वाणी से भेंट कर उन्हें कपास के वैकल्पिक उपलब्ध रेशों के विषय में जानकारी देते हुए बेमेतरा जिले में कपड़ा मिल और अनुसंधान हेतु राज्य शासन से मदद दिलाने की मांग रखी। 

किशोर राजपूत ने कहा कि कृषि प्रधान छत्तीसगढ़ राज्य जो कि धान की खेती के लिए जाना जाता है के मेढ़ों में उगे हुए खरपतवार को उपयोग कर सूत बनाया जा सकता है और यह कपास के बेहतर विकल्प के तौर पर भविष्य के गारमेंट इंडस्ट्रीज के लिए क्रांतिकारी बदलाव हो सकता है। 

उन्होंने अलसी से बने हुए शाल, भिंडी के तनों के रेशे से बने साड़ी और खरपतवार से बनी हुई साड़ी के विषय में बताया कि यह पूर्णत: ऑरगेनिक है और इसमें के रंग भी प्राकृतिक हैं। वृहद स्तर पर इसके उत्पादन से यह बहुत कास्ट इफेक्टिव भी हो सकता है। 

जिला पंचायत सदस्य प्रज्ञा निर्वाणी ने किशोर राजपूत की बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुचाने का आश्वासन देते हुए कहा कि नवागढ़ अंचल के कृषि अनुसंधानी किशोर राजपूत खरतवार से कंचन बना रहे है। युवाओं को इनके नवाचार से सिख लेनी चाहिए। 

किशोर राजपूत ने अखिल भारतीय छत्तीसगढ़ी महासभा के संयोजक डॉ. सौरभ निर्वाणी को अलसी के रेशों से बने शॉल को भेंट किया, वहीं उपस्थित मध्यप्रदेश भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यालय मंत्री श्वेता आनंद त्यागी को खरपतवार से बनी साड़ी भेंट की। किशोर राजपूत ने कृषि विज्ञान केंद्र झाल के कृषि वैज्ञानिकों का इस अनुसंधान और रेशे को प्रोसेस करने में सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी इच्छा है वो प्रधानमंत्री मोदी को खरपतवार से बने जैकेट भेंट करें। जिला पंचायत सदस्य प्रज्ञा निर्वाणी ने कृषि अनुसंधानी राजपूत को हर संभव मदद और सहयोग करने की बात कही।
 


अन्य पोस्ट