बेमेतरा

निरीक्षण में कई शिक्षक नदारद, तो एक स्कूल को समय से पहले किया बंद, नोटिस
23-Aug-2024 2:47 PM
निरीक्षण में कई शिक्षक नदारद, तो एक स्कूल को समय से पहले किया बंद, नोटिस

डीईओ और डाइट प्राचार्य ने किया कई स्कूलों का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 23 अगस्त।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.कमल कपूर बंजारे और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य जेके घृतलहरे ने संयुक्त रूप से बेरला विकासखंड के विभिन्न स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में शिक्षक नदारद मिले और कई स्कूल समय के पूर्व ही बंद पाया गया।
प्राचार्य के आदेश की 

अवहेलना, स्पष्टीकरण मांगा  
शासकीय प्राथमिक शाला देवरी का प्रात: 10 बजे आकस्मिक निरीक्षण किया। शाला की दर्ज संया 124 है जिसमें 111 विद्यार्थी उपस्थित मिले। तत्पश्चात शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देवरी का निरीक्षण किया जिसमें ठाकुर राम साहू प्रधान पाठक, भागवत प्रसाद साहू शिक्षक कला संकाय एवं तोरकेश्वर देवांगन शिक्षक अंग्रेजी अनुपस्थित मिले। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आनंदगांव में निरीक्षण के दौरान पोषण कुमार देशमुख सहायक ग्रेड 2, महेश्वरी बघेल सहायक ग्रेड 3, व्याख्याता भागवत प्रसाद बानी, ज्ञानेश्वरी देशलहरा, नेहा साहू व्याख्याता, वीरेंद्र टंडन व्याख्याता, अर्चना चौबे व्याख्याता, मनोज कुमार वर्मा व्याख्याता, अनुपस्थित मिले। इस स्कूल में कुछ शिक्षक शिक्षक दैनन्दनी नहीं बना रहे हैं और प्राचार्य के आदेश की अवहेलना भी कर रहे हैं। इसके लिए सभी को स्पष्टीकरण जारी गया।

समय से पहले कर दिया स्कूल को बंद  
शासकीय प्राथमिक शाला और पूर्व माध्यमिक शाला बीजाभाट का 3.45 बजे आकस्मिक निरीक्षण किया गया। उक्त समय में शाला बंद पाया गया। इसके लिए प्रधान पाठिका रामेश्वरी देवांगन और पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक युगल किशोर शर्मा को स्पष्टीकरण जारी किया गया।

मैदान में बिना टाटपट्टी के बैठे, जहरीला सांप भी दिखा 
पीएम श्री स्कूल शासकीय प्राथमिक शाला सरदा का आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बच्चों को मैदान में जमीन में बिना टाटपट्टी के अध्यापन कार्य करते पाया गया। निरीक्षण के दौरान उक्त शाला के कैंपस में लगभग 4 फीट का जहरीले सर्प भी घूमते नजर आए। वहां के प्रधान पाठक एवं शिक्षकों को सख्त निर्देश दिया कि बच्चे को कमरे में और व्यवस्थित तरीके से बिठाकर अध्यापन कार्य कराया जाए। 

शासन द्वारा पीएम श्री स्कूल को मॉडल स्कूल बनाने के लिए बड़े पैमाने पर बजट दिया गया है। इसके बाद भी अपेक्षा के अनुरूप स्कूल स्वच्छ व सुंदर नहीं मिला। अधिकारियों ने उक्त शाला का ऑडिट करने का निर्देश दिया। संकुल समन्वयक विगत दो दिनों से उक्त शाला में ही रहे। जबकि उनको प्रतिदिन माध्यमिक शाला में जाकर तीन पीरियड अध्यापन कार्य करना है। इसलिए जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.कमल कपूर बंजारे उनसे बहुत ज्यादा नाराज हुए और उनके संकुल का भी ऑडिट कराने का निर्देश दिया। उक्त संकुल समन्वयक के द्वारा अधिकारियों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करने के कारण उनके विरुद्ध अलग से जांच कराई जाएगी और जांच संतोष प्रद प्राप्त नहीं होने पर उक्त संकुल समन्वयक को वहां से हटाया जाएगा।

समय से पहले स्कूल को कर दिया बंद  
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरमुड़ी में कार्यरत 11 सदस्यों में 9 उपस्थित मिले। एक व्याख्याता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अछोली में संलग्न मिले। मो.जावेद व्यायाम शिक्षक लगातार दो दिन से अनुपस्थित पाए गए। इस संबंध में प्राचार्य ने शिकायत की कि व्यायाम शिक्षक प्रतिदिन 3 से 4 बजे आते हैं और विद्यार्थी को कोई भी खेल नहीं खिलाते हैं तथा उपस्थिति पंजी में जबरदस्ती रोज हस्ताक्षर भी करते हैं। व्यायाम शिक्षक की शिकायत पर जांच कराई जा रही है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंडरका का आकस्मिक निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.कमल कपूर बंजारे और डाइट प्राचार्य जे के घृतलहरे ने पौधारोपण भी किया।


अन्य पोस्ट