बेमेतरा

कई दिनों से बारिश नहीं होने के बाद अब लगातार हो रही बरसात
19-Aug-2023 2:47 PM
कई दिनों से बारिश नहीं होने के बाद  अब लगातार हो रही बरसात

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 19 अगस्त।
छत्तीसगढ़ के मध्य से गुजर रहे मानसून से जिला बारिश से गुलजार हुआ है। 24 घंटों में 33.2 मिमी यानी डेढ़ इंच बरसात हो चुकी है। सर्वाधिक बारिश गुरुवार से शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे तक हुई। इसके बाद शुक्रवार को दिनभर पहले बादल छाए फिर धूप भी निकली। इसके बाद तेज धूप के साथ कुछ देर की बारिश हुई, वहीं शाम को दोबारा मौसम बदल गया और देर रात तक रुक रुककर बारिश होती रही। डेढ़ इंच बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई है। इससे तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तापमान जिले में 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री की गिरावट के साथ 23.2 डिग्री पर पहुंच गया है। मानसून को लेकर मौसम विभाग ने शनिवार को भी दुर्ग जिले में बारिश होने के अनुमान लगाए हैं।

जिले में बीते 48 घंटे से मौसम का मिजाज बदला है। रुक-रुक के बारिश हो रही है। शुक्रवार की शाम से गर्जना के साथ बारिश हुई है। वहीं शहर के मुख्य मार्ग पर शाम होने से पूर्व दृश्यता कम होने के कारण वाहनों को लाइट जलाना पड़ा। बारिश की वजह से सबसे अधिक परेशानी साइकिल में चलाने वालों को हुआ है । जिला मुख्यालय में दूरदराज गांव से काम करने वालों को बारिश की वजह से अपने गांव लौट के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। शनिवार को भी बारिश की संभावना है।

जिले में अब तक 516.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज 

चालू बारिश सीजन के दौरान बेमेतरा जिले में 1 जून से 18 अगस्त सवेरे 8 बजे तक जिले में 516.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले में अब तक सर्वाधिक वर्षा तहसील बेरला में 602.1 मि.मी. तथा न्यूनतम 416.5 मि.मी. वर्षा नवागढ़ तहसील में दर्ज की गई है। संयुक्त जिला कार्यालय के भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार बेमेतरा तहसील मे 522.1 मि.मी. वर्षा, नांदघाट तहसील में 420.5 मि.मी. वर्षा, भिंभौरी तहसील में 525.8 मि.मी, साजा तहसील मे  579.5 मि.मी., थानखम्हरिया तहसील में 505.0 मि.मी. वर्षा एवं देवकर तहसील में 559.5 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
 


अन्य पोस्ट