बेमेतरा

घटिया वर्मी कंपोस्ट का जबरन वितरण, भाजपाइयों ने किया विरोध, कलेक्टोरेट गेट पर फेंकी गईं बोरियां
11-Aug-2023 4:31 PM
घटिया वर्मी कंपोस्ट का जबरन वितरण, भाजपाइयों ने किया विरोध, कलेक्टोरेट गेट पर फेंकी गईं बोरियां

तीन स्तर की बैरिकेटिंग को तोडक़र कलेक्टर कार्यालय परिसर में किया प्रदर्शन 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 11 अगस्त।
अमानक खाद, बीज और घटिया वर्मी कंपोस्ट का किसानों को जबरन वितरण करने के विरोध में भाजपाइयों ने कलेक्टोरेट का घेराव किया। इस प्रदर्शन में जिले भर से आए सैकड़ो भाजपाई शामिल हुए। जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष रवि वर्मा, प्रदेश किसान मोर्चा कार्यसमिति सदस्य विजेंद्र राठी के नेतृत्व में बेमेतरा जिला में उग्र प्रदर्शन किया गया।

सर्वप्रथम शहर के सिग्नल चौक के पास भारतीय जनता पार्टी की ओर से आमसभा आयोजित हुई। यहां पूर्व मंत्री दयालदास बघेल, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल समेत अन्य भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखने के साथ कांग्रेस पार्टी पर जमकर भड़ास निकाली।

भाजपाइयों और पुलिस के बीच हुई झूमाझटकी, विरोध में लगाए नारे 
आम सभा के बाद सभी भाजपाई पैदल मार्च कर कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पुलिस प्रशासन की ओर से भाजपाइयों को कलेक्टर परिसर में जाने से रोकने के लिए तीन स्तर पर बेरिकेटिंग की गई थी। 

इस दौरान पुलिस के जवान व भाजपाइयों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। बावजूद पुलिस प्रशासन भाजपाइयों को कलेक्टर परिसर में प्रवेश करने से रोकने में नाकाम रही। भाजपाई घटिया वर्मी कंपोस्ट की बोरिया कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार के अंदर फेंकने में कामयाब रहे। करीब 1 घंटे के प्रदर्शन के बाद भाजपाइयों ने अपर कलेक्टर अनिल बाजपेई को ज्ञापन सौंपा। 

इस दौरान भाजपाइयों ने शासन प्रशासन को किसानों को घटिया वर्मी कंपोस्ट की आपूर्ति बंद नहीं करने की स्थिति में आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस अवसर पर प्रदर्शन में प्रहलाद रजक, दिनेश मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, संध्या परगनिहा, अजय तिवारी, गोवेन्द्र पटेल, दिलीप ठाकुर, दयावंत बांधे, मोंटी साहू, बलराम वर्मा, पुन्नी तोरण यादव, राजेश ठाकुर, राजा साहू, पिंटू तिवारी, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, चंद्रशेखर राजपूत, सुरेंद्र राजपूत, राजेश दुबे सुमित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।


अन्य पोस्ट