बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 जुलाई। बेरला नगर पंचायत में दो करोड़ की लागत से इंडोर स्टेडियम और 50 लाख रुपए की लागत से जिम सेंटर निर्माण व सामग्री क्रय की जाएगी। इसके लिए नगरीय प्रशासन विभाग ने स्वीकृति जारी कर दी है। इंडोर स्टेडियम और जिम सेंटर बेरला के जमुना में बनेंगे। इंडोर स्टेडियम बन जाने से मल्टी एक्टिविटी खेल गतिविधियां होंगी और यहां से प्रतिभावान खिलाड़ी निकालेंगे। साथ ही नगर के लोग भी जिम सेंटर का उपयोग कर सकेंगे।
फरवरी में राजधानी में आयोजित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के गौरव समागम-2023 में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणाओं का लाभ बेरला को भी मिला है। उन्होंने नगर पंचायत बेरला में पहली बार इंडोर स्टेडियम व जिम सेंटर व सामग्री देने की स्वीकृति दी है। नगर पंचायत के प्रस्ताव को अब हरी झंडी मिल चुकी है।
जल्द जारी होंगे टेंडर
इंडोर स्टेडियम व जिम सेंटर व सामग्री के लिए के 2 करोड़ 50 लाख 73 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। ये दोनों आसपास ही निर्मित होंगे। सीएमओ वनीष दुबे ने बताया कि दोनों ही कार्यों के लिए जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा और प्रयास होगा कि जल्द से जल्द समय पर दोनों कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। साथ ही प्रयास यह भी होगा कि आगामी सत्र से ही दोनों निर्माण कार्यों का उपयोग हो सके।
खेल प्रेमियों के लिए यहां स्टेडियम की बहुप्रतीक्षित मांग थी। बेरला इंडोर स्टेडियम की मांग स्थानीय विधायक छाबड़ा के पास भी गई थी। उनकी अनुशंसा नगरीय प्रशासन मंत्री को भेजी गई थी। अब हरी झंडी मिल गई है। अब स्टीमेट तैयार होगा और तकनीकी स्वीकृति पश्चात टेंडर जारी किया जाएगा।


