बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 22 जून। बेरला मार्ग में बुधवार को दोपहर में कार की ठोकर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं युवक गंभीर रूप सें घायल हो गया जिसे उपचार के लिए बेरला अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतक महिला सोनकला यादव पति महेन्द्र यादव ग्राम मुरमुंदा की निवासी थी। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। पुलिस द्वारा रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर दो बजे के करीब बेमेतरा बेरला मार्ग में ग्राम सोरला से कुछ दूर पर कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चालते हुए बेमेतरा की ओर से आ रहे बाइक सवार यादव दंपत्ति को ठोकर मार दिया जिससे बाईक चला रहे महेन्द्र यादव पति गंभीर रूप सें घायल हो गया। वहीं पीछे बैठी महेन्द्र की पत्नी सोनकला यादव को भी गंभीर चोट पहुंची थी। दोनों को 108 वाहन द्वारा बेरला अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर डॉक्टर ने महिला की मौत होने की पुष्टि की। वहीं महेन्द्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। महिला के शव को मरच्युरी में रखा गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
मायके से ससुराल जा रही थी महिला
बताया कि मृतक महिला का मायके वार्ड 3 बेमेतरा है जो अपने पति के साथ बेमेतरा से अपने ससुराल वापस जा रही थी। दोनों का विवाह एक माह पूर्व होने के बाद मृतिका अपने मायके आई थी, जहां से वापस ससुराल जा रही थी। शव को बेरला अस्पताल के मरच्युरी में रखा गया है जिसका पीएम गुरूवार को किया गया। पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दिया गया है।


