बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 जून। जिले के राशन कार्डधारियों को आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। आधार सुधार केन्द्रों में पहुंचने वालों को 24 से 48 घंटे का समय लग रहा है। जिले के 5 लाख से अधिक हितग्राहियों को 30 जून तक आधार का ई केवाईसी कराना अनिवार्य है। इस वजह से आधार सुधार केन्द्र, राशन दुकान, बैंक व पोस्ट आफिस में भारी भीड़ की स्थिति है। एक जून से अभी तक जिले के 84 हजार से अधिक लोगों ने आधार अपडेट कराया है।
देश में एक राष्ट्र एक राशन कार्ड योजना लागू करने के लिए जिले के प्रत्येक राशन कार्डधारियों को ई केवाईसी कराने के लिए बीते 1 जून को निर्देशित किया गया था। जिले के 28 शहरी व 429 ग्रामीण क्षेत्र समेत कुल 457 राशन दुकानों से संलग्न 2 लाख 57 हजार 744 राशनकार्ड हैं। इसमें 9 लाख 19 हजार 324 सदस्य दर्ज हैं। सभी का ई केवाईसी कराना है जिसे लेकर हितग्राहियों को सुबह से ही आधार सुधार केन्द्र में कतार लगाना पड़ रहा है। शहर में संचालित बैंक, तहसील कार्यालय, पोस्ट आफिस, कलेक्टोरेट समेत सभी आधार सुधार केंद्रों में दिनभर अपडेट कराने वालों की भीड़ लगने लगी है।
बच्चों का आधार अपडेट
कराने में अधिक समस्या
बताया गया कि 0 से लेकर 5 साल के बच्चों के आधार कार्ड में फिंगर प्रिंट को अपडेट कराने में अधिक समस्या हो रही है। फिंगर प्रिंट अपडेट नहीं होने की स्थिति में हितग्राहियों का राशन दुकानों में ई केवाईसी नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से आधार अपडेट के लिए बच्चों को लेकर आधार सेवा केन्द्र में पहुंचने वालों की संख्या अधिक नजर आ रही है। ग्राम चारभाठा निवासी कामता दुबे ने बताया कि उसके नाती का फिंगर प्रिंट आधार में मैच नहीं कर रहा है जिसके कारण वह बार-बार बायोमैट्रिक सुधार केन्द्र जा चुका है। ग्राम लावातारा के उत्तम साहू ने बताया वो बार-बार आधार सुधार केन्द्र आकर परेशान हो रहा है।
भीषण गर्मी के समय बच्चों को लेकर तीन दिन से आ रहा है पर भी अपडेट नहीं हुआ है। महिला हितग्राही केताबाई निषाद 60 साल ने जानकारी दी कि वो दो दिन से लगातार आ रही है पर भी अपडेशन का काम नहीं हो पा रहा है। उत्तम साहू ने बताया कि वो अपने गांव से सुबह 3 बजे आकर कार्ड जमा किया तब जाकर अपडेट के लिए नंबर लगा है। माखन साहू धठोली निवासी ने भी सुबह से आने की बात कही।
यहां सर्वर से परेशानी
स्थानीय तहसील कार्यालय में संचालित आधार सुधार केन्द्र के नकुल साहू ने बताया कि बार बार सर्वर डाउन होने की वजह से एक दिन में 40 से 50 व्यक्ति का ही अपडेट हो पा रहा है। हालत ये है कि एक दिन बाद का टोकन लोगों को देना पड़ रहा है। इसके बाद भी प्रतिदिन काम का दबाव बढ़ रहा है। इसी तरह कलेक्टोरेट में संचालित दो सेंवा केन्द्र में रोजाना औसत तौर पर 200 आधार कार्ड अपडेट हो पा रहे हैं पर यहां पर रोजाना 400 से अधिक व्यक्ति आधार कार्ड अपडेट कराने पहुंच रहे हैं जिसमें से आधे को बैरंग लौटना पड़ रहा है या फिर दूसरे दिन का टोकन दिया जा रहा है।
राशन दुकान वाले लौटा देते हैं, इसलिए अधिक भीड़
गुलाबा बाई अपने गांव से लगातार दूसरे दिन आधार कार्ड अपडेट कराने बेमेतरा पहुची थी। उसके अनुसार राशन दुकानों में राशन देने से पहले ई केवाईसी देखते हैं और वापस लौटा देते हैं। राजू निर्मलकर ने बताया कि गांव के राशन दुकान में लगातार चार दिन जाने के बाद ई केवाईसी हो पाया तभी राशन मिला है।
ई-पास में ई-केवाईसी कराना होगा
जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन पाने के लिए ई-पॉस उपकरण में ई केवाईसी कराना पड़ रहा है। खाते में ई केवाईसी के लिए राशनकार्डधारी मुखिया एवं राशनकार्ड में दर्ज सभी सदस्य को अपने-अपने आधार के साथ शासकीय उचित मूल्य दुकान पहुंचकर लाइन लगाना पड़ रहा है।
एक जून से अब तक 89 हजार का ई केवाईसी
जिला खाद्य अधिकारी कार्यालय के अनुसार जिले में 2 लाख 57 हजार 744 राशनकार्ड हैं। इनमें 9 लाख 19 हजार 324 सदस्य हैं जिनमें से 89 हजार 765 सदस्यों का ई केवाईसी पूर्ण कर लिया गया है। बुधवार को 29407 कार्ड अपडेट किए गए। जिले में अपडेट के लिए 311991 कार्ड पेंडिंग हैं वहीं 976 कार्ड को रिजेक्ट किया गया है।
जिले में अभी भी 8 लाख से अधिक लोगों का ई केवाईसी किया जाना शेष है। जिला खाद्य अधिकारी नितेश त्रिवेदी ने बताया कि दीगर जिले की अपेक्षा इस जिले की बेहतर स्थिति है। इ केवाईसी को लेकर लोगों ने जागरूकता दिखाई है।
आधार सेवा केन्द्र जिला प्रभारी महेन्द्र वर्मा ने बताया कि जिले में 32 केन्द्र अधिकृत किए गए हैं। इन केंद्रों में निर्धारित शुल्क के साथ अपडेट किया जा रहा है। लोगों को सलाह दिया जा रहा है कि दुकानों में पहले जांच करा लें।


