बेमेतरा

मौसम का बदला मिजाज, आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश
23-Apr-2023 2:42 PM
मौसम का बदला मिजाज, आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 23 अप्रैल।
जिला में बेमौसम बारिश का दौर नहीं थम रहा है। शहर में शाम को तपती धूप के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। करीब आधा घंटे तक बारिश का दौर चलते रहा।

इधर, आंधी-तूफान की वजह से अनेक पेड़ पौधे धाराशायी हो गई। फ्लेक्स, होर्डिंग्स सहित अन्य सामग्री भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ पर आम की फसलों को भारी नुकसान होने का अंदाजा लगाया जा रहा है। आंधी तूफान आते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिले में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग ने पहले ही दी थी। बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी रहा।

नगर में तेज आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान शहर के अनेक वार्डों में बिजली भी गुल हो गई थी। जिसके कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश थमने के बाद कुछेक वार्डों की बिजली बहाल हो गई।

फसलों पर पड़ रहा प्रभाव
बेमौसम बारिश का असर गर्मी की फसलों पर भी पड़ रहा है। इससे किसान काफी चिंतित है। उन किसानों के लिए मौसम आफत बनकर बरस रहा है। खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल, आम का फल, सब्जी की गुणवत्ता खराब हो रही है। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है।

उमस भरी गर्मी का एहसास
शनिवार की सुबह से उमस भरी गर्मी का एहसास हुआ। दरअसल, रात्रि में बारिश और सुबह मौसम साफ होने के कारण उमस भरी गर्मी का एहसास हुआ। इधर, मौसम में बदलाव का सेहत पर भी असर पड़ रहा है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ते जा रही है। सर्दी, जुकाम, बुखार और पीलिया के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।


अन्य पोस्ट