बेमेतरा

बीरनपुर में भडक़ी सांप्रदायिक हिंसा ने लिया उग्र रूप
11-Apr-2023 3:22 PM
बीरनपुर में भडक़ी सांप्रदायिक हिंसा ने लिया उग्र रूप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 11 अप्रैल।
ग्राम बीरनपुर में सांप्रदायिक हिंसा में स्थानीय युवक भुनेश्वर साहू के निर्मम हत्या किए जाने के बाद तीसरे दिन भी आक्रोश नजर आया। ग्राम बीरनपुर में माहौल काफी तनावपूर्ण है। प्रदर्शनकारी पत्थर बाजी कर रहे हैं। पुलिस ने उपद्रव कर रहे 3 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। आक्रोशित प्रदर्शनकारी अलग-अलग समूह बनाकर पथराव कर रहे हैं। गांव में तनाव की स्थिति है। बाहरी लोगों को खदेड़ा जा रहा है।

गौरतलब हो कि शनिवार को ग्राम बीरनपुर में समुदाय विशेष के लोगों के द्वारा 22 वर्षीय युवक भुनेश्वर साहू की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। इसके बाद से दो समुदाय में सांप्रदायिक हिंसा भडक़ गई। बीते 3 दिनों से गांव का माहौल काफी तनावपूर्ण है।

बाहरी प्रदर्शनकारी कर रहे पत्थरबाजी
ग्राम बीरनपुर में प्रदर्शनकारियों द्वारा लगातार पत्थरबाजी की जा रही है। जानकारी के अनुसार यह प्रदर्शनकारी स्थानीय नहीं है। लगभग सभी प्रदर्शनकारी को बाहरी बताया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से बाहर से आने वाले प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेट्स लगाकर चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। बावजूद प्रदर्शनकारी ग्राम बीरनपुर पहुंचने में कामयाब रहे। अब गांव में 50-60 लोगों का ग्रुप इक_ा होकर पुलिस पर पत्थरबाजी कर रहा है। पुलिस उन्हें एक गली में रोकती है तो वे गांव की दूसरी गली से आकर।

भीड़ ने मकान में लगाई आग  फिर हुआ सिलेंडर ब्लास्ट  
प्रदर्शनकारियों ने सडक़ पर स्थित एक झोपड़ीनुमा मकान में आग लगा दी जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट होने की वजह पुलिस ने घर के अन्दर रखी सिलेंडर को बताया। सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग भडक़ उठी। करीब घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गांव का माहौल तनावपूर्ण होने के बाद अब पुलिस प्रशासन के लिए शांति व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

तीन दिनों से छावनी में तब्दील
बीते 3 दिनों से ग्राम बीरनपुर छावनी में तब्दील है। गांव में पुलिस के सैकड़ों जवान तैनात हैं। जो शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात डटे हुए हैं। माहौल खराब न हो, इसलिए गांव के लोगों को घरों से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। गांव की सीमा को सील कर दिया गया है। बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बावजूद बाहर से आए प्रदर्शनकारी उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों में खौफ है।

भाजपाइयों ने तोड़े बैरिकेड्स पुलिस ने किया हल्का बल का प्रयोग
शोक संतप्त परिवार से मिलने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ग्राम बीरनपुर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत उनके सैकड़ों समर्थकों को साजा में बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज भाजपा कार्यकर्ता सडक़ पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की ओर से लगाए गए दो बैरिकेड को भी तोड़ दिया। इस दौरान पुलिस में भाजपाईयों में जमकर झूमाझटकी हुई। पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
 


अन्य पोस्ट