बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 10 अप्रैल। ग्राम बीरनपुर में हुई घटना के विरोध में हिंदूवादी संगठनो ने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। सांप्रदायिक हिंसा में मृत भुनेश्वर साहू के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे साहू समाज प्रमुखों को पुलिस ने साजा में बैरिकेड से लगाकर रोक दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज साहू समाज प्रमुख सडक़ पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे।
समाज प्रमुखों के अनुसार मृतक भुनेश्वर के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इस संबंध में बार-बार अवगत कराए जाने के बावजूद प्रशासन ने मनमानी की और उन्हें जाने नहीं दिया। वहीं सांप्रदायिक माहौल खराब करने वाले समुदाय विशेष के लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है।
ग्राम बीरनपुर में युवक के अंतिम संस्कार में शामिल होने बाद सांसद विजय बघेल, पूर्व विधायक लाभचंद बाफना, पूर्व कवर्धा विधायक डॉ सियाराम साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद रजक, विजय सिन्हा समेत अन्य जनप्रतिनिधि व हिंदू संगठन के नेता साजा लौटे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर मुख्य मार्ग पहुंचे। मुख्य मार्ग को जाम करने के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का पुतला दहन किया।
इस दौरान समाज प्रमुखों में दीपक साहू, शत्रुहन साहू, मूलचंद शर्मा, नथमल कोठारी, बंटी सनत साहू, गेंद राम साहू, राजा पांडे, प्रनीष रजक, जय सिंह ठाकुर, नवीन जैन, दीपेश साहू, मोंटी साहू, डोशन साहू, हेम सिंह साहू, सुरेश पटेल, आदित्य राजपूत, परमेश्वर वर्मा, केशव साहू, निखिल साहू, रवि पटेल, अनिल कुमार चंद्राकर, ज्वाला ठाकुर समेत सर्व समाज के सैकड़ो लोग शामिल हुए।
40 लोगों पर अपराध दर्ज करने सौंपा ज्ञापन
गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजन आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे थे। वही सर्व हिंदू समाज की ओर से प्रकरण में समुदाय विशेष के 40 लोगों के नाम लिखित में दिए हैं। उन्होंने सभी 40 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग की है।


