बेमेतरा

आप ने की 90 विधानसभा में चुनाव लडऩे की घोषणा
14-Feb-2023 4:16 PM
आप ने की 90 विधानसभा में चुनाव लडऩे की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 14 फरवरी।
जिले में कार्यकर्ता संवाद के लिए आया हूं। संवाद का उद्देश्य किस तरह से संगठन का विस्तार गांव-गांव तक किया जाए। छत्तीसगढ़ की जनता भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टी से परेशान होकर एक विकल्प की तलाश में है। आम आदमी पार्टी वो विकल्प होगी। उक्त बातें आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा के विधायक संजीव झा ने जिला मुख्यालय के निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कही।

उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा और कांग्रेस भ्रष्टाचार में लगे हुए हैं। कांग्रेस के 5 साल कुशासन, भाजपा के 15 साल के रिकॉर्ड को तोड़ चुका हैं। यहां के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी कुर्सी बचाने में लगे हुए हैं । राज्य में हत्या, लूट, अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। प्रदेश प्रभारी बेमेतरा जिला के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के लिए दिल्ली से बेमेतरा जिला प्रवास में पहुंचे थे। प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी, संतोष श्रीवास्तव, अमित हिमानी, रविंद्र सिंह, बेमेतरा जिला अध्यक्ष अंजोर दास घृतलहरे समेत आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हर गांव में संगठन का किया जा रहा विस्तार
संजीव झा ने कहा कि पंजाब में पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है और छत्तीसगढ़ में भी आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन की तैयारी की जा रही है। ब्लॉक, सर्किल स्तर पर संगठन तैयार किया गया है। आगामी दिनों में गांव-गांव में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की समिति बनाई जा रही है। इसके साथ ही जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 19 मार्च को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के छत्तीसगढ़ आगमन पर सभी समितियां सक्रिय रूप से काम करने लगेगी।

प्रदेश में कर्मी, किसान, बेरोजगार सभी परेशान
संजीव झा ने कहा कि जायज मांग व समस्याओं को लेकर शासकीय कर्मचारी हड़ताल पर हैं । बेरोजगार और किसान परेशान हैं। छत्तीसगढ़ राज्य में गोबर बेचकर लोग करोड़पति बन गए बताया जाता है जबकि 50 फीसदी गौठान पूरी तरह से फर्जी है।
 किसानों को जबरदस्ती गर्मी कंपोस्ट खाद दिया जा रहा है। उसमें भी मिट्टी मिलाया जा रहा है, इस तरह से कांग्रेस का कोई भी कार्य धरातल पर नहीं है।

राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर, कांग्रेस-भाजपा के नेता प्रदेश को लूट रहे
संजीव झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी विकास के नाम पर चुनाव लड़ेगी। धर्म, जाति, समुदाय के आधार पर नहीं। जन आंदोलन के संबंध में कहा कि कांग्रेस ने ही कहा था कि हसदेव बांध निर्माण में जंगल नहीं कटेगा किंतु छत्तीसगढ़ में सरकार के बनते ही जंगल की कटाई शुरू हो गई। जिसका आम आदमी पार्टी ने पुरजोर विरोध किया। राज्य में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। छत्तीसगढ़ के राजनेता लुटेरे की तरह राज्य को लूट रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट