बेमेतरा

अधिक धान तौलकर खरीदी, शिकायत पर लौटाया
10-Dec-2022 8:16 PM
अधिक धान तौलकर खरीदी, शिकायत पर लौटाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भटगांव, 10 दिसम्बर। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक शाखा भटगांव अन्तर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सलौनीकला पंजीयन क्रमांक 1309 के धान उपार्जन केन्द्र सलौनीकला में धान विक्रेता कृषकों से 40 किलो धान के प्रति कट्टे में 1 किलो से तीन किलो अधिक धान तौलकर खरीदने का मामला सामने आया है।

कृषकों ने अधिक धान तौल कर लेने के शंका के आधार पर अनेकों कृषकों के धान जिसे तौल किये जा चुके थे, पुन: तौलाकर कृषकों द्वारा चेक किये जाने पर तीन किलो तक अधिक धान लिया जाना पाया गया है।

उपार्जन केन्द्र प्रभारी एवं समिति प्रबंधक देवनारायण चंद्रा ने अधिक धान तौलकर लिये जाने के संबंध में बताया कि मेरे अनुपस्थिति में तौल कर्ता हमाली ने धान में नमी होने के कारण कृषक द्वारा ही स्वेच्छा से अधिक धान सुखती आने के लिये भरपाई हेतु तौलने कहा था, जिसकी जानकारी होने पर अतिरिक्त धान किसानों को वापस कर दिया गया है।

5 दिसम्बर 2022 को धान उपार्जन केन्द्र सलौनीकला में सेतराम साहू  ग्राम सलौनीकला ने अपने बड़े भाई पुनाउराम साहू के नाम पर 123 बोरी धान बेचा। सेतराम ने उसमें से 47 बोरी धान को खुला धान टे्रक्टर ट्राली में भरकर ले गया था उसे सीधे बोरी में भरा गया था। उक्त 47 बोरी धान घर में बिना तौले लाया था तथा शेष 76 बोरी धान तौलकर बोरी में लाया था। जो तौल में बराबर आया था। हमालों द्वारा 47 बोरी धान तौल किया गया जो धान खुला घर से बिना तौल के लाया गया था। उपार्जन केन्द्र में उपस्थित अन्य कृषक तथा कृषक सेतराम को शंका हुआ कि उसके धान को 40 किलो से अधिक तौल कर लिया गया है, तो उन्होनें इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से तौलकर जांच किया तो 1 से 3 किलो धान अधिक पाया गया जहां आक्रोशित अन्य कृषकों ने धान वापस करने कहा।

उपार्जन केन्द्र के हमालों ने धान को पुन: तौलकर अतिरिक्त धान निकाल कर अलग किया। कृषक सेतराम ने बताया कि धान तौल की जांच के समय महेत्तर श्रीवास, वेदराम चंद्रा, रामेश्वर टंडन, शरद चन्द्रा, विवेक कुमार साहू, हरेन्द्र कुमार साहू उपस्थित थे। वापस दिये गये धान को उसने 6 दिसम्बर को वापस ले आया। तौलकर्ता हमालों को तौल सही करने तथा नमी युक्त या मिट्टी मिक्स धान की खरीदी रोकने गुणवत्ता युक्त धान खरीदी और तौल करने की सलाह दी गई है।

इसी तरह की धान अधिक तौलने की खरीदी करने की घटना प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति जोरा पंजीयन क्रमांक 246 के धान उपार्जन केन्द्र जोरा में भी हो रहा है, जहां 23 नवम्बर 2022 को कृषक गिरजा साहू ग्राम घाना के धान में 1 से 3 किलो तक अधिक तौल किया गया था, जिसे पुन: तौल कराकर अतिरिक्त धान वापस दिया गया।

उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आये रामदुलार बघेल, मनोज सोनवानी, फिरू यादव के साथ और भी कृषक मौजूद थे। उक्त घटना का वाट्सअप ग्रुप में फोटो वायरल भी हुआ है।


अन्य पोस्ट