बेमेतरा

भाजपा की अंदरूनी कलह, शकुंतला की कुर्सी बची
13-Oct-2022 2:36 PM
भाजपा की अंदरूनी कलह, शकुंतला की कुर्सी बची

अविश्वास प्रस्ताव पर भाजपा पार्षदों की क्रॉस वोटिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 13 अक्टूबर। 
नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव के लिए बैठक बुलाई गई। अध्यक्ष पद के विरुद्ध लाए गए प्रस्ताव के पक्ष में पर्याप्त मत प्राप्त नहीं होने के कारण प्रस्ताव ध्वस्त हो गया। अध्यक्ष शकुंतला साहू अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रही।

कुल 21 पार्षदों में से 9 कांग्रेस के थे,  वहीं 10 भाजपा व अन्य दो निर्दलीय पार्षद शामिल हुए। प्रक्रिया के दौरान उपस्थित 20 पार्षद सभी ने अपने मत का उपयोग किया। मत विभाजन के बाद प्रस्ताव के पक्ष में 11 वोट पड़े, वहीं प्रस्ताव के विपक्ष में 9 मत मिले। यहां एक वोट पर क्रॉस वोटिंग हुई है। दूसरी तरफ प्रस्ताव लाने वालों के खेमे के 11 में से 10 पार्षद मौजूद थे, पर 11 मत मिलने से भी चर्चा को बल मिल गया।

बाहर पुलिस अंदर में मोबाइल बैन
प्रस्ताव के दौरान कडाई बरती गई और कक्ष में प्रवेश करने वालों का मोबाइल बाहर ही रखने को कहा गया। यहां फोटो खींचने पर भी रोक थी। हालांकि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी शासन स्तर पर कराई गई है। इस दौरोोान पुलिस का पहरा रहा।

अध्यक्ष पद के दौरान 13 मत मिले
अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान कार्यकाल के गठन के दौरान निर्धारित समय पर हुए अध्यक्ष पद के चुनाव में अध्यक्ष शकुंतला साहू को 21 में से 13 मत मिले थे, वहीं 8 मत दिगर दावेदार को मिला था। पूर्व की स्थिति में इस बार अध्यक्ष के पक्ष में 4 कम मत डाले गए।

इस वजह से लाया गया प्रस्ताव
प्रस्ताव के प्रांरभ में अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव लाने के पक्ष में पार्षद नीलू प्रवीण राजपूत ने अपना पक्ष रखते हुए अध्यक्ष के अनुपस्थित रहने पर नगर विकास का कार्य प्रभावित होने की बात कही। वहीं प्रस्ताव के विपक्ष में पार्षद मनोज शर्मा ने अध्यक्ष के स्वास्थय कारण को सामने रखते हुए अनुपस्थित रहने का कारण बताया। साथ ही संपन्न हुए बैठक के दौरान अध्यक्ष की उपस्थित रहने की बात कही।

एक वोट हमारे पक्ष में आया
प्रवीण नीलू राजपूत ने बताया कि सभी साथियों ने अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए प्रस्ताव लाया था। हमारे सभी साथी एक साथ थे। वही एक क्रॉस वोट हमारे पक्ष में आया है। पीठासीन अधिकारी युगल किशोर ऊर्वशा ने कहा कि कलेक्टर से मिले निर्देश के मुताबिक जरूरी प्रक्रिया पूर्ण की गई। मत विभाजन के बाद प्रस्ताव के पक्ष में 11 विपक्ष में 9 मत डाले गए। प्रस्ताव पारित करने के लिए निर्धारित 14 मत नही मिलने के कारण प्रस्ताव ध्वस्त हो गया।

सभी कांग्रेसी पार्षद एक जुट
शकुंतला साहू ने कहा कि जिस भरोसे के साथ चुना गया है। उस भरोसे को हमेशा कायम रखूंगी। आज सभी कांग्रेसी पार्षदों ने एक जुटता दिखाई है। आगे भी जन सेवा, नगर की जनता के लिए लगातार काम करूंगी। जनता का विश्वास कायम ररूंगी।
 


अन्य पोस्ट