बेमेतरा

महीनों से ट्रांसफार्मर खराब, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, किसान नाराज
12-Oct-2022 2:04 PM
महीनों से ट्रांसफार्मर खराब, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, किसान नाराज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 12 अक्टूबर। 
जिला मुख्यालय में मंगलवार को किसान ग्राम कोहाडिया में बिजली संकट की समस्या लेकर पहुँचे। बताया गया कि अभी फसल अंतिम चरण में है,पर ग्राम कोहाडिया व सिंगारडीह में लगा ट्रांसफॉर्मर एक महीने से खराब है, जिसके कारण समस्या होने लगी है। ट्रांसफॉर्मर बदलने की किसानों ने मांग की। बिरमपुर के किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन नहीं होने की समस्या बताई।

कृषि प्रधान जिले में किसानों की समस्या कम होने का नाम नही ले रही है। ग्राम सिंगारडीह में विद्युत विभाग द्वारा खराब ट्रांसफॉर्मर बदला गया था , पर वो भी खराब निकला है और इससे 25 दिनों से बिजली सप्लाई पूरी तरह से प्रभावित है। लगातार बेरला कार्यालय जाकर समस्या बताने के बाद भी अधिकारियों ने समस्या नहीं सुनी। ग्रामीण राजेन्द्र वर्मा , अंगेश्वर साहू , ओंकार , बिष्णु प्रसाद नायक , नारायण ओरसड , धनश्याम सहित बड़ी संख्या में किसानों ने मुख्यालय का रुख किया।

धान पंजीयन पर दर्ज कराई शिकायत
चंदनु के करीब गांव बिरमपुर में धान बेचने के लिए जारी पंजीयन प्रक्रिया के दौरान उनके गांव के किसानों का नया पंजीयन नहीं होने की समस्या को दूर करने की मांग की गई। किसानों ने बताया कि धान बेचने के लिए पंजीयन किया जा रहा है , वहीं रकबा संसोधन का काम भी किया जा रहा है, पर क्षेत्र के किसानों का रकबा संसोधन नही हो रहा है। वही जी किसान नया पंजीयन कराना चाहते हैं उसका भी पंजीयन नहीं हो रहा है। सेवा सहकारी समिति द्वारा तकनीकी कारण बताते हुए उन्हें लौटाया जा रहा है। इसके संबंध में किसानों ने चिंता जाहिर की है। खरीफ फसल का बीमा भी नहीं हो पाया है। किसान बिहारी , गौकरण , पिलाराम साहू , तिलक राम , दिलीप साहू , सुनील साहू द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है।

थान खम्मरिया तहसील के ग्राम खाती के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में 1964-65 के दौरान हुए बंदोबस्त की त्रुटि सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद बंदोबस्त त्रुटि सुधार के लिए राजस्व सर्वेक्षण किया गया था, जिसके बाद भू-अभिलेख का प्रकाशन अभी तक नहीं किया जा सका।


ग्रामीणों ने जिला कार्यालय पहुँचकर आवेदन प्रस्तुत किया और जिला प्रशासन को प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की।
आवेदक धर्मिन बाई , ईश्वर , नेमीचंद ने बताया कि गांव में सर्वे कराया गया है और अभिलेख बनाया गया है, लगभग 3 साल से प्रक्रिया पूरी नही हुई हैं। बार-बार अधिकारियों का तबादला होने के कारण अटका हुआ है।

निराकरण के निर्देश
कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने कहा कि किसानों से सम्बंधित समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।


अन्य पोस्ट