बस्तर
140 देशों के प्रतिनिधियों के बीच उठेगी भारतीय श्रमिकों की आवाज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 1 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। एनएमडीसी की इकाई बचेली से जुड़े मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के महामंत्री आशीष यादव को सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) में आयोजित होने वाली इंडस्ट्रीऑल ग्लोबल यूनियन की वल्र्ड कांग्रेस में भारत के मेटल माइनिंग सेक्टर का प्रतिनिधित्व करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
यह प्रतिष्ठित आयोजन 2 से 7 नवंबर तक सिडनी में होगा, जिसमें विश्व के करीब 140 देशों से लगभग 1000 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस वैश्विक मंच पर खनन, ऊर्जा, निर्माण, ऑटोमोबाइल, वस्त्र, रासायनिक और एयरोस्पेस उद्योगों से जुड़ी यूनियनें एक साथ आकर श्रमिक अधिकारों, औद्योगिक एकता, और न्यायपूर्ण व सतत विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगी। यह आमंत्रण माइनिंग एंड एनर्जी यूनियन (ऑस्ट्रेलिया) और ऑस्ट्रेलियन वर्कर्स यूनियन द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया है।
आशीष यादव पहले भी अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ ), जिनेवा (स्विट्जऱलैंड) में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनका यह अनुभव उन्हें एक सशक्त और अनुभवी भारतीय प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत करता है।
मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) बचेली शाखा के अध्यक्ष चंद्र कुमार मंडावी ने कहा कि बस्तर की खदानों से निकले एक श्रमिक नेता का अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचना, पूरे एनएमडीसी और इंटक परिवार के लिए गर्व का क्षण है। यह न सिर्फ क्षेत्र की प्रतिष्ठा बढ़ाएगा बल्कि भारत के श्रमिक संगठनों की आवाज़ को विश्व स्तर पर और मजबूती प्रदान करेगा।


