बस्तर

भरोसे को ही पता नहीं है, भरोसे का पता- कौशिक
12-Apr-2023 10:38 PM
भरोसे को ही पता नहीं है,  भरोसे का पता- कौशिक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 12 अप्रैल।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रियंका गांधी के बस्तर प्रवास को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने राज्य के विकास पर जरा भी ध्यान नहीं दिया है। कांग्रेस हमेशा इस बात का घमंड करती है कि हमें जनता ने विशाल जनमत के साथ सत्ता सौंपी है लेकिन जनता की उम्मीदों पर कांग्रेस कही पर भी खरी नहीं उतर रही है। कांग्रेस केवल औपचारिकता के रूप में भरोसे के नाम पर जनता से वाहवाही लूटने का काम कर रही है, पर प्रदेश की जनता का कांग्रेस की सरकार से भरोसा उठ चुका है। 

उन्होंने जारी विज्ञप्ति में आगे कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह से अपने झूठे घोषणा पत्र को लेकर जनता को छलने का काम किया है, उससे आज प्रदेश का हर वर्ग नाराज है और पूरे प्रदेश की जनता के अन्दर कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश है। 

उन्होंने कहा कि.पूरे प्रशासन का दुरूपयोग हो रहा है। बस्तर में कलेक्टर-एसपी पीसीसी के प्रतिनिधि के तौर कार्य कर रहे हैं। पूरी तरह से भीड़ जुटाने के लिये अधिनस्थों पर दवाब बना रहे हैं, वहीं अपने प्रस्तावित पराजय को देखकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भयभीत है। अब केवल भरोसा सम्मेलन का आयोजन एक तरह से उनके लिये विदाई पार्टी है। 

उन्होंने कहा कि जिस तरह से पूरे प्रदेश में अपराध की घटनाएं हो रही है, इससे भय का वातावरण व्याप्त है, कांग्रेस जब से सत्ता में आई पूरे प्रदेश भर में जंगलराज कायम है, राजधानी से लेकर न्यायधानी तक अपराधी तांडव मचा रहे हैं, पूरे प्रदेश में लोगों की हत्या हो रही है, सामूहिक बलात्कार हो रहे हंै, अपहरण हो रहे हैं, लूट हो रही है, डाके डल रहे हंै और यह तक कि सरकारी  खजाने तक को लूटा जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई है। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ को अपराधी तत्वों के हवाले कर दिया है। प्रियंका गांधी कांग्रेस के भरोसा खोने के बाद भरोसा सम्मेलन में शामिल हो रही हैं। 

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश में जो हालात बनते जा रहे हैं, उस पर प्रियंका गांधी को जवाब देना चाहिए। उनके जवाब का इंतजार पूरा प्रदेश कि जनता कर रही है।


अन्य पोस्ट