बस्तर
24 फरवरी से अस्पताल में चल रहा था इलाज
2 दिन बाद पति और 5 दिन बाद पत्नी की मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 3 मार्च। भानपुरी थाना क्षेत्र के सोनारपाल में रहने वाले दंपत्ति ने अपने खेत में उगे कचरों को साफ करने के बाद उसमें आग लगा दी थी, इस घटना में दोनों झुलस गए थे। मेकाज में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि भानपुरी के सोनारपाल में रहने वाले गेतू यादव (60 वर्ष) 24 फरवरी को अपनी पत्नी बुची यादव (58 वर्ष) के साथ अपने खेत में उगे कचरों को साफ करने के बाद उसमें आग लगा दी। आग लगाने के दौरान आग तेजी से फैलने लगा और पड़ोसी के खेत की ओर जैसे ही जाने लगा तो पति पत्नी उसे बुझाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान दोनों आग की चपेट में आने के कारण झुलस गए।
घटना के दौरान पति-पत्नी के अलावा खेत में और कोई भी नहीं था। आग से झुलसने के बाद भी दोनों पति-पत्नी खुद चलकर अपने घर पहुंचे, जहां घर में मौजूद बच्चों ने घायल मां-पिता को पहले भानपुरी के स्वास्थ्य केंद्र ले गये, वहां से महारानी अस्पताल लाया गया। दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें मेकाज भेज दिया गया, जहां 26 फरवरी को गेतू यादव की मौत हो गई, वहीं उपचार के 5 दिन बाद मां बुची ने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक की 5 बेटियां हैं, जिनमें 3 की शादी हो गई है। पांच दिन के अंदर में मां-पिता की मौत होने से परिवार में गम का माहौल हो गया है, वहीं गांव में भी पति पत्नी की मौत की खबर सुनने के बाद आसपास के लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं। शुक्रवार को महिला के शव का पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


