बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 27 फरवरी। नेहरू युवा केन्द्र संगठन रायपुर छत्तीसगढ़ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा रावतपुरा जी 20, वाई 20 कार्यक्रम अंतर्गत युवा संवाद इंडिया एट 2047 का आयोजन किया गया था।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में रायपुर लोकसभा सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, पद्मश्री फुलबासन बाई यादव, पद्मश्री अजय मंडावी, रावतपुरा सरकार विश्विद्यालय के कुलाधिपति हर्ष गौतम, कुलपति एसके सिंह, नेहरू युवा केन्द्र संगठन छग के राज्य निदेशक श्रीकांत पांडेय सहित नेहरू युवा केन्द्र के अधिकारी मौजूद रहे।
राज्य निदेशक श्रीकांत पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी। कहा -इस वर्ष जी20 की अध्यक्षता भारत कर रहा है। इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूरे देशभर वाई20 का आयोजन किया जा रहा है जिसमें युवाओं के विचार एवं सुझाव प्राप्त कर भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए रोडमैप बनाने का कार्य किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष बाद भारत को जी20 की अध्यक्षता करने का अवसर मिला है, यह सम्पूर्ण देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने मोदी सरकार के प्रयासों को बताते हुए कहा कि पहले देश स्टार्टअप के मामले में बहुत पीछे हुआ करता था, लेकिन मोदी जी के कार्यकाल में स्टार्टअप को नया पंख मिला, जिससे अब युवा जॉब सीकर न होकर जॉब गिवर बन रहे हैं। भारत के युवा वैश्विक स्तर पर अपने कौशल और आइडिया से अलग पहचान बना रहे हैं।
मंत्री अनुराग ठाकुर ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए युवाओं के प्रश्नों का उत्तर दिया।
कार्यक्रम में शामिल हुए जिले के सुदूर क्षेत्र ग्राम भैरमगढ़ ब्लॉक के रंजीता सरस्वती, आसमति, कुंदन और बीजापुर ब्लॉक के हर्षिता पंडा कार्यक्रम में शामिल हुए, जिसमें हर्षिता पंडा ने जिला प्रशासन तथा यूनिसेफ का धन्यवाद देकर कहा कि बीजादूतीर प्रोग्राम पिछड़े ग्राम के युवाओं को एक साथ जोड़ कर जीवन जीने का उत्साह बढ़ाया।
युवा अपने ग्राम में व्यवहार परिवर्तन की दिशा में अलग-अलग क्षेत्र में काम कर रहे हैं तथा पहुंच विहीन क्षेत्रों तक शासन की योजना पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
कम उम्र में शादी कर लड़कियां अपने भविष्य को बर्बाद करते हैं, इस पर समाज का भी दबाव रहता है कैसे स्वयंसेवक बालिकाओं को कम उम्र में शादी न करने हेतु जागरूक करते हैं और समाज का भी व्यवहार परिवर्तन करने में सफल हो रहे हैं, इस पर बात रखी।
सांसद सुनील सोनी व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्री के रायपुर आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के देशहित में उठाये कठोर कदम, भारत को पुन: विश्वगुरु बनाने व 2047 में देश को विकसित राष्ट्र बनाने किये जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में युवा संवाद के साथ साथ विभिन्न जिलों के युवा मण्डलों के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रायपुर डिवाइओ अर्पित तिवारी, दुर्ग डिवाइओ नितिन शर्मा, अभिषेक आनंद, अदनान पॉल, चंद्रभूषण चौबे, अभिजीत डे, आर एस मिश्रा, आरती मिश्रा, एम एल सोनी, राहुल गोस्वामी सहित नेहरू युवा केन्द्र छग के अधिकारी, एनवाईवी, युवा मंडल सदस्य व रावतपूरा सरकार विश्वविद्यालय के स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा।


