बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 23 नवंबर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रामचंद्रपुर पुलिस ने सात मवेशियों को अवैध रूप से झारखंड की ओर ले जाने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिकअप वाहन नाले में गिरने के बाद मवेशियों को मौके पर छोडक़र फरार हो गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम अंनपारा निवासी बबन सिंह ने थाना रामचंद्रपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि पिकअप वाहन क्रमांक जेएच 03 एडब्ल्यू 1695 से सात मवेशियों को बूचडख़ाने ले जाने के उद्देश्य से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पिकअप वाहन नाले में गिर गया, जिसके बाद मवेशियों को वहीं छोडक़र तस्कर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर रामचंद्रपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की तस्दीक करते हुए अपराध क्रमांक 53/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी की पतासाजी की। इसके बाद 22 नवंबर 2026 को आरोपी साहू अंसारी पिता शाकिर अंसारी, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम लेडी कांड, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने घटना कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।