बलरामपुर

बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प के लिए जन-जागरूकता रैली
23-Nov-2026 9:48 PM
बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प के लिए जन-जागरूकता रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 23 नवंबर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने और राष्ट्रीय अभियान ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत भवारमाल में विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह पहल लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन  के तत्वावधान में की गई।

रैली में स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई, जो गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुन: विद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां लेकर और नारे लगाकर ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने तथा बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने का संदेश दिया। कार्यक्रम को ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों का भी भरपूर समर्थन मिला। रैली में ग्राम सरपंच, पंचायत सचिव सहित गांव के वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

रैली के दौरान संस्था के कार्यकर्ता दीपक कुमार गिरी एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी, शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी।

 वक्ताओं ने कहा कि कम उम्र में विवाह बच्चों के बचपन, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है। बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध भी है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा।

रैली के समापन पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे अपने गांव को पूर्णत: बाल विवाह मुक्त बनाएंगे तथा किसी भी प्रकार के बाल विवाह का विरोध करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।


अन्य पोस्ट