बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 23 नवंबर। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और उनकी मांगों पर सुनवाई के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जनदर्शन में पहुंचे प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी। इस दौरान कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नागरिकों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से गुहार लगाई।
कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आवेदकों को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें जल्द से जल्द राहत मिले। जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।