बलरामपुर

निजी लैब व क्लीनिक का निरीक्षण, नोटिस
14-Nov-2026 10:13 PM
निजी लैब व क्लीनिक का निरीक्षण, नोटिस

बलरामपुर,14 नवंबर। जिले में संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों की सेवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशांक गुप्ता ने बलरामपुर विकासखंड के गणेश मोड़ और राधाकृष्ण नगर क्षेत्र में संचालित निजी लैब एवं क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निजी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, आवश्यक दस्तावेजों, साफ-सफाई की व्यवस्था, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा शासन द्वारा निर्धारित स्वास्थ्य मानकों के पालन की बारीकी से जांच की।

इस दौरान कुछ संस्थानों में कमियां पाए जाने पर उन्हें आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कमियों के संबंध में तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. विजय कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में संचालित सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और हितों की सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले के निजी लैब एवं क्लीनिक का नियमित निरीक्षण किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।


अन्य पोस्ट