बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 13 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने गेउर नदी स्थित प्रमुख छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट के समीप शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की। इससे विशेषकर महिला व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने घाट परिसर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों का अवलोकन किया। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से चर्चा कर पर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। स्थानीय श्रद्धालुओं और समिति की मांग पर उन्होंने घाट के समीप शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की।
इस वर्ष छठ पूजा पर गेउर नदी घाट में विशेष गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। पिछले दो वर्षों से यहां गंगा आरती की परंपरा निभाई जा रही है। इस बार बनारस की तर्ज पर भव्य आरती कराने की तैयारी है, जिसके लिए वाराणसी से पंडितों को आमंत्रित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ नहाय-खाय के साथ हो रहा है। इसे लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी से शांति, सौहार्द और श्रद्धा के साथ पर्व मनाने की अपील की।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह, प्रवीण अग्रवाल, छठ पूजा समिति के अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल, विनय भगत, धरम सिंह, जगवंशी यादव, राजेश यादव, मनोज बंसल, संतोष पांडेय, उदय यादव, महेंद्र गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।