बलरामपुर

जनजातीय समाज के उत्थान के लिए मोदी सरकार ने किए ऐतिहासिक कार्य- रामकुमार टोप्पो
14-Nov-2026 9:41 AM
जनजातीय समाज के उत्थान के लिए मोदी सरकार ने किए ऐतिहासिक कार्य- रामकुमार टोप्पो

भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां, विपक्ष पर जनजातीय समाज की उपेक्षा का लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,13 नवंबर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित प्रेस वार्ता में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने जनजातीय समाज के उत्थान और विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। वहीं, उन्होंने विपक्ष पर दशकों तक जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता के दौरान सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जिला महामंत्री संजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, प्रवीण अग्रवाल, विनय भगत, धरम सिंह, शिवशंकर मरावी, मुन्शी राम शांडिल्य, हीरा सिंह टेकाम, जगवंशी यादव, राजेश यादव, संतोष तिवारी, अनिल तिवारी, उदय यादव, महेंद्र गुप्ता सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि वर्ष 2014-15 में जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 4,497.96 करोड़ रुपये था, जो बढक़र वर्ष 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें 231 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

 उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के लिए 24,104 करोड़ रुपये तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 79,156 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इन योजनाओं के माध्यम से 63 हजार से अधिक गांवों में पक्के आवास, सडक़, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों की बेहतर शिक्षा के लिए 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं, सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन और 3,958 वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के साथ जनजातीय समाज को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

राजनीतिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू मिलीं। उन्होंने दावा किया कि 31 मार्च 2026 तक जनजातीय बहुल जिलों को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है, जिससे इन क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि लंबे समय तक जनजातीय समाज के महान नायकों भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, टंट्या भील और रानी दुर्गावती को उचित सम्मान नहीं दिया गया। भाजपा सरकार इन महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने और जनजातीय गौरव को स्थापित करने का कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान स्मारकों की साफ-सफाई, दीपोत्सव, पुष्पांजलि, युवा संवाद और जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर गांवों और मंडल स्तर पर स्थानीय जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।


अन्य पोस्ट