बलरामपुर
छठ पूजा सेवा समिति ने शुरू की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 12 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर राजपुर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। गयूर नदी के तट पर स्थित छठ घाट में श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा के लिए छठ पूजा सेवा समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। घाट की साफ-सफाई से लेकर सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए टेंट-पंडाल लगाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
समिति के सदस्यों द्वारा घाट की सीढिय़ों का रंग-रोगन कर उन्हें आकर्षक रूप दिया जा रहा है। वहीं, व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घाट परिसर में भव्य टेंट और पंडाल लगाए जा रहे हैं। नदी में अर्घ्य देने के दौरान व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पानी की सतह और नदी तल की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पोकलेन मशीन की मदद से जलकुंभी, मिट्टी और कचरे को हटाकर पानी को साफ एवं व्यवस्थित किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि छठ महापर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो सकें।
इधर, छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है। वाहनों की पार्किंग और आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि पूजा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
40 लाख की लागत से हुआ छठ घाट का निर्माण
उल्लेखनीय है कि राजपुर में गयूर नदी के तट पर पिछले लगभग 40 से 45 वर्षों से छठ पूजा का आयोजन होता आ रहा है। पूर्व में व्यवस्थित छठ घाट नहीं होने के कारण व्रतियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हालांकि, इस वर्ष लगभग 40 लाख रुपये की लागत से छठ घाट का निर्माण कराया गया है। इससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में काफी सहूलियत मिलेगी। इस वर्ष छठ महापर्व पर 300 से अधिक व्रतियों के शामिल होने की संभावना है। नए घाट के निर्माण से श्रद्धालुओं में भी उत्साह है।