बलरामपुर
मंदिर परिसर में लगे बोर्ड को पोता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 12 नवंबर। नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 9 स्थित मां महामाया मंदिर परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यालय का बोर्ड लगाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह के नेतृत्व में मंदिर के पुजारी जितेंद्र पांडेय, समाजसेवी आलोक गुप्ता सहित अन्य लोगों ने इसका जमकर विरोध किया। विरोध के दौरान मंदिर परिसर में लगाए गए बोर्ड को पोत दिया गया। इस दौरान लोगों ने मंदिर परिसर को किसी संगठन विशेष के कार्यालय के रूप में उपयोग किए जाने पर आपत्ति जताई।
नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने कहा कि कन्हर नदी के पावन तट पर स्थित मां महामाया मंदिर रामानुजगंज क्षेत्र की आस्था, श्रद्धा और ऐतिहासिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। इस मंदिर का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व भी विशेष है। आजादी के पूर्व तत्कालीन सरगुजा महाराज रामानुज शरण सिंह देव ने मंदिर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने मांग की कि मां महामाया मंदिर परिसर को महामाया कॉरिडोर के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण करने के साथ श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि इस धार्मिक स्थल को नई पहचान मिल सके।उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर किसी संगठन विशेष के कार्यालय के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और सार्वजनिक उपयोग से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। इसका उपयोग धार्मिक, सामाजिक और जनहित के कार्यों के लिए होना चाहिए।
गरीब परिवारों के विवाह के लिए हो नि:शुल्क व्यवस्था
प्रतीक सिंह ने यह भी मांग रखी कि मंदिर परिसर में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जहां गरीब और जरूरतमंद परिवारों को शादी-विवाह जैसे मांगलिक आयोजनों के लिए नि:शुल्क अथवा न्यूनतम शुल्क पर स्थान उपलब्ध कराया जा सके। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मां महामाया मंदिर परिसर हमारी आस्था, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसका विकास किसी व्यक्ति या संगठन विशेष के हित में नहीं, बल्कि संपूर्ण क्षेत्र की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। महामाया मंदिर को उसकी ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप पहचान दिलाने के साथ इसका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है।
इस दौरान राहुल बर्मन , निशांत चौबे , मि_ू सोनी , क्षितिज गुप्ता, सनी सिंह , अभिषेक केशरी उपस्थित रहे।