बलरामपुर

मांदर की थाप पर थिरके कलाकार, करमा नृत्य ने बांधा समां, डकवा की टीम प्रथम
11-Nov-2026 10:12 PM
मांदर की थाप पर थिरके कलाकार, करमा नृत्य ने बांधा समां, डकवा की टीम प्रथम

राजपुर में विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव का आयोजन, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने विजेता व उपविजेता दलों को किया पुरस्कृत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर,11 नवंबर। जनजातीय संस्कृति, लोककला और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से जनपद पंचायत राजपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महुआपारा के खेल मैदान में विकासखंड स्तरीय करमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सुसज्जित लोक कलाकारों ने मांदर की थाप पर मनमोहक करमा नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। लोकधुनों की मधुर लय और कलाकारों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन ने पूरे मैदान को जनजातीय संस्कृति के रंग में रंग दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

आठ नृत्य दलों ने दिखाई प्रतिभा, डकवा की टीम प्रथम

प्रतियोगिता में कुल आठ नृत्य दलों ने हिस्सा लिया। इनमें पारसवारकला, डिगनगर, डकवा, ओकरा, परसागुड़ी, नरसिंहपुर और चौरा सहित विभिन्न गांवों की टीमों ने अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया। शानदार प्रस्तुतियों के बीच डकवा की टीम ने प्रथम और ओकरा की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने विजेता एवं उपविजेता दलों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

पुरस्कार वितरण के बाद विधायक उद्धेश्वरी पैकरा सहित अन्य अतिथियों ने भी कलाकारों के साथ मांदर की थाप पर करमा नृत्य का आनंद लिया। जनप्रतिनिधियों का कलाकारों के साथ थिरकना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

जिला स्तर पर प्रतिभा दिखाएंगे विजेता दल

उल्लेखनीय है कि उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव (करमा महोत्सव) 2026 का आयोजन ग्राम पंचायत, विकासखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले दल जिला स्तरीय महोत्सव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तर पर चयनित विजेता दलों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी, शशिकला भगत, शिवनाथ जायसवाल, जगवंशी यादव, राजेश यादव, संतोष तिवारी, बबलू यादव, उदय यादव, संदीप सोनी, जनपद पंचायत सीईओ संजय दुबे सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। महोत्सव के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच मिला। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक कला और लोक संस्कृति से जोडऩे का संदेश भी दिया गया।


अन्य पोस्ट