बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 11 नवंबर। महापर्व छठ पूजा की तैयारी जोर शोर से प्रारंभ कर दी गई है। यहां की जीवनदायिनी कन्हर नदी के तट पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नदी के तट पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की हर वर्ष होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए घाटों को व्यवस्थित करने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु तैयारी प्रारंभ कर दी गई है।
छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल पार्षदों के साथ राम मंदिर छठ घाट एवं शिव मंदिर छठ घाट पहुंचे। उन्होंने दोनों घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि यहां के कन्हर नदी तट पर होने वाली छठ पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यहां छठ महापर्व के दौरान नदी किनारे हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होते हैं। इस अवसर पर केवल स्थानीय नागरिक ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड एवं अन्य प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं।
कन्हर नदी के विस्तृत तट पर एक साथ हजारों श्रद्धालुओं द्वारा अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अघ्र्य देने का दृश्य अत्यंत मनोहारी होता है। चार दिवसीय छठ महापर्व को भव्य एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विभिन्न छठ पूजा समितियां भी सक्रिय हो गई हैं। घाटों की साफ-सफाई, पूजन स्थलों को व्यवस्थित करने तथा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं जुटाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।