बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज,11 नवंबर। बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुडक़मपाट (चंचलचुवों) निवासी 46 वर्षीय महिला की भीतरकोना जंगल में पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतिका के ममेरे भाई मदन नगेशिया (47) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, किशुन नगेशिया ने चांदो थाने में सूचना दी थी कि अशोक नगेशिया का फोन आने पर वह भीतरकोना जंगल पहुंचा, जहां उसकी सास पलंगी नगेशिया (46), पति स्व. फिदकू नगेशिया का शव पेड़ों के झुरमुट के नीचे एक गड्ढे में पड़ा मिला। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा शव खून से लथपथ था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और वैज्ञानिक अधिकारी की मदद से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान गवाहों के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मृतिका के ममेरे भाई मदन नगेशिया की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक, करीब दो-तीन माह पहले आरोपी के छोटे बेटे और मृतिका की नतनीन के बीच बच्चों को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान पलंगी नगेशिया और मदन के बीच भी झगड़ा और गाली-गलौज हुई थी। इसी बात को लेकर आरोपी मृतिका से रंजिश रखता था।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गोवर्धन पूजा के दिन आरोपी ने हंडिया शराब का सेवन किया और रात में पलंगी नगेशिया को भीतरकोना जंगल की ओर ले गया। वहां पत्थर से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।