बलरामपुर

दलधोवा में विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के बीच पहुंचे मंत्री रामविचार नेताम, सुनीं समस्याएं
07-Nov-2026 8:48 PM
दलधोवा में विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के बीच पहुंचे मंत्री रामविचार नेताम, सुनीं समस्याएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 7 नवंबर। क्षेत्रीय प्रवास के दौरान प्रदेश के आदिम जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास और किसान कल्याण मंत्री एवं रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम ग्राम दलधोवा पहुंचे। यहां उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की और उनकी समस्याओं, जरूरतों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।

इस दौरान मंत्री नेताम ने ग्रामीणों के साथ सहजता से संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि और मतदाता का नहीं, बल्कि परिवार जैसा आत्मीय संबंध है। आप सभी के बीच पहुंचकर ऐसा महसूस होता है, मानो अपने ही परिवार के बीच बैठा हूं। आपकी समस्याएं मेरी अपनी समस्याएं हैं और उनका समाधान करना मेरे लिए केवल जनप्रतिनिधि का दायित्व नहीं, बल्कि सेवा का परम कर्तव्य और जीवन का संकल्प है।

ग्रामीणों ने इस दौरान अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से मंत्री को अवगत कराया तथा आवेदन सौंपे। मंत्री रामविचार नेताम ने प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने की बात कही।

मंत्री नेताम ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास, अपनापन और मुस्कान ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव बनी रहेगी और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान कर विकास की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

 

 


अन्य पोस्ट