बलरामपुर
निर्माण में तकनीकी खामियों और लापरवाही पर जताई नाराजगी, अफसरों से मांगा जवाब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 6 नवंबर। बलरामपुर जिले के राजपुर स्थित गेयूर नदी पर करीब 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित छठ घाट की बदहाल स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती पहुंचते हैं, लेकिन निर्माण पूरा होने के बावजूद घाट में मौजूद तकनीकी खामियों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा कराए गए इस निर्माण कार्य में लापरवाही और घटिया गुणवत्ता के आरोप लगाए जा रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज अनुविभागीय स्तर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घाट का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान निर्माण कार्य की स्थिति और सामने आई खामियों को देखकर सांसद ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की।
निरीक्षण के दौरान सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि विभाग ने जमीनी परिस्थितियों का समुचित आकलन किए बिना केवल कागजी ड्राइंग और डिजाइन के आधार पर निर्माण करा दिया।
उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान स्थानीय आयोजन समिति के सदस्यों को भी सक्रिय रूप से निगरानी रखनी चाहिए थी। सांसद ने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए यह भी कहा कि उन्हें निर्माण कार्य के दौरान ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना चाहिए था।