बलरामपुर

भाजपा की पदयात्रा, कांग्रेस पर बरसे कृषि मंत्री
06-Nov-2026 11:01 PM
भाजपा की पदयात्रा, कांग्रेस पर बरसे कृषि मंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 6 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा बलरामपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ रैली और पदयात्रा निकाली गई। हाई स्कूल मैदान से शुरू हुई इस रैली में प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष रूप से शामिल हुए। रैली के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।

रैली की शुरुआत हाई स्कूल मैदान में आयोजित सभा से हुई। यहां कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर देश का माहौल खराब करने तथा लोकतंत्र का मजाक बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

मंत्री नेताम ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं द्वारा चुनाव आयोग और न्यायपालिका को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री के माता-पिता के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणियों को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की भाषा से देशभर में आक्रोश का माहौल है।

एसआईआर को लेकर मंत्री ने विपक्ष पर भ्रम फैलाने और माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए प्रतिबद्ध है।

सभा के बाद हाई स्कूल मैदान से अटल चौक तक पदयात्रा निकाली गई। इसमें भाजपा विधायक, वरिष्ठ नेता, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शन किया।


अन्य पोस्ट