बलरामपुर
खड़ी धान की फसल गिरी, कटाई के बाद रखी फसल भी प्रभावित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 29 अक्टूबर। चक्रवाती तूफान ‘ अर्नब’ का असर रामानुजगंज शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। मौसम में आए बदलाव के बाद बीते कल से रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं, बीच-बीच में चल रही तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम लगातार खराब रहने के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाहर जाने वाले लोग छतरी और रेनकोट का सहारा ले रहे हैं।
मौसम में आए बदलाव का असर खेती-किसानी पर भी पडऩे लगा है। बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। वहीं, कटाई के बाद खेतों में रखी धान की फसल भी बारिश से प्रभावित हो रही है। इससे किसानों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। फसल गिरने के कारण धान की कटाई और मिंजाई में भी परेशानी आ सकती है।
एक ओर खराब मौसम के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर फसलों पर मंडराते नुकसान के खतरे ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
किसानों को आशंका है कि यदि बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा, तो धान की फसल को और नुकसान पहुंच सकता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग ने आगामी एक-दो दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। ऐसे में किसानों की निगाहें मौसम पर टिकी हुई हैं।