बलरामपुर
रात में दूरस्थ छात्रावास पहुंचीं कलेक्टर, परखा पठन कौशल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज, 28 अक्टूबर। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी 27 अक्टूबर की रात विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम जगिमा स्थित पहाड़ी कोरवा बालिका छात्रावास के औचक निरीक्षण पर पहुँचीं। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाएं देखीं, छात्राओं के कमरों में जाकर उनसे पढ़ाई के बारे में बात की और उनसे हिंदी व अंग्रेजी की पाठ्यपुस्तकें पढ़वाईं।
कलेक्टर ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और पाठ्यपुस्तकों के बारे में जानकारी ली और उन्हें रोज़ पढऩे के लिए प्रेरित किया। उनके कहने पर छात्राओं ने उत्साह से हिंदी और अंग्रेजी की किताबों के अंश पढक़र सुनाए। छात्राओं की भागीदारी और पढऩे के प्रति उनका उत्साह देखकर कलेक्टर ने प्रसन्नता जताई।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के नेतृत्व में जिले में मिशन आचार्य चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों में पढऩे की संस्कृति विकसित करना और उनकी शैक्षणिक दक्षता बढ़ाना है।
इसी के तहत ‘बलरामपुर पढ़ेगा हर दिन 20 मिनट’ थीम पर अभिभावकों से अपील की जा रही है कि वे रोज़ कम से कम 20 मिनट अपने बच्चों के साथ पढ़ें। इस दौरान वे मोबाइल से दूरी रखें और खुद पढक़र उदाहरण पेश करें, ताकि बच्चे माता-पिता को देखकर पढऩा सीखें।
छात्राओं से सीधा संवाद करके कलेक्टर ने मिशन आचार्य की इसी भावना को आगे बढ़ाया। इस पहल से यह संदेश भी गया कि पढऩे की आदत केवल कक्षा तक सीमित न रहे, बल्कि घर, विद्यालय और छात्रावास में भी इसका अभ्यास हो।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्राओं के भोजन, निर्धारित मेनू, दिए जा रहे खाद्य पदार्थों और दैनिक दिनचर्या की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास में रहने की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति भी देखी।
इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी और छात्रावास अधीक्षिका उपस्थित थीं।