बलरामपुर

‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान: कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा, लगाए कई आरोप
27-Oct-2026 8:40 PM
‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान: कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा, लगाए कई आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर/राजपुर, 27 अक्टूबर। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित राजीव भवन में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक डॉ. देबासिस पटनायक, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव, पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोप लगाए।

पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर निर्भर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता प्रभावित हो रही है। नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा चुनावी व्यवस्था में कथित विसंगतियों को जनता के सामने लाना है।

इस दौरान पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, जे.पी. श्रीवास्तव, रिपुजित सिंह, जितेंद्र गुप्ता, विवेक सिंह, हरीश मिश्रा, नीरज तिवारी, देवनारायण मरावी, सुषमा यादव, मधु गुप्ता, अजय गुप्ता, अजय सोनी, अब्दुल्ला खान, प्रशांत विश्वास, सुनील गुप्ता, दीपक यादव, विश्वजीत सिंह, विंदेश्वरी गुप्ता, मोहन सिंह, सतेंद्र पाण्डेय, राजा चौबे, मुन्ना गुप्ता और अजय नारायण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जनता को जागरूक करना जरूरी है।

पत्रकारवार्ता के बाद संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की गई। इसमें आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन की मजबूती और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के अलावा एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, आदिवासी कांग्रेस और असंगठित कामगार कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट