बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 25 अक्टूबर। ग्राम बासेन स्थित रक्षा गौ सेवा आश्रम में रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में शनिवार को सामूहिक सुंदरकांड पाठ, हवन एवं भव्य भंडारे का आयोजन भक्तिभाव के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से सामूहिक सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम और हनुमान जी की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया गया। इसके पश्चात भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
संस्था के संचालक सुरेंद्र यादव ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से लोगों को गौ सेवा और समाज सेवा से जोडऩा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सेवा, करुणा और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही लोगों को गौ संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर रक्षा वेलफेयर फाउंडेशन ने सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था ने आमजन से अपनी सामर्थ्य के अनुसार गौ सेवा और मानव सेवा के कार्यों में योगदान देने की अपील की।