बलरामपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बलरामपुर, 13 अक्टूबर। आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के कारण शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना कर रहे नागरिकों के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। चिप्स के सहयोग से जिले के विभिन्न विकासखंडों में 14 से 16 अक्टूबर तक विशेष आधार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नया आधार पंजीयन कराने के साथ ही पुराने आधार कार्ड में त्रुटियों को सुधारने और बायोमेट्रिक संबंधी समस्याओं के निराकरण की सुविधा मिलेगी।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिनका आधार कार्ड नहीं बना है या जिनके आधार में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।
तीन विकासखंडों में लगेंगे शिविर
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
14 अक्टूबर- जनपद पंचायत कार्यालय, बलरामपुर।
15 अक्टूबर- जनपद पंचायत कार्यालय, शंकरगढ़।
16 अक्टूबर- जनपद पंचायत कार्यालय, कुसमी।
आधार में इन समस्याओं का होगा निराकरण
शिविरों में बायोमेट्रिक मिसमैच, आधार कार्ड निरस्त या निष्क्रिय होने, जन्मतिथि और जेंडर संबंधी त्रुटियों सहित अपडेट के दौरान फिंगरप्रिंट या आइरिस दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसके अलावा आधार कार्ड में नाम, जन्मतिथि और पते में सुधार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए संबंधित आवेदक की स्वयं उपस्थिति अनिवार्य होगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने साथ सभी आवश्यक मूल एवं वैध दस्तावेज लेकर आएं, ताकि प्रक्रिया में अनावश्यक परेशानी न हो।
नया आधार बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
नया आधार पंजीयन कराने के लिए 17 वर्ष तक के बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र और माता-पिता का आधार कार्ड प्रस्तुत करना होगा। वहीं, 18 वर्ष से अधिक आयु के आवेदक वोटर आईडी, दसवीं की अंकसूची, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा भारतीय पासपोर्ट में से कोई एक मान्य दस्तावेज लेकर पहुंच सकते हैं।
नाम और जन्मतिथि में सुधार के लिए बीआरएन युक्त जन्म प्रमाण पत्र, दसवीं की अंकसूची या पासपोर्ट जैसे मान्य दस्तावेज आवश्यक होंगे। पते में सुधार परिवार के मुखिया के आधार के आधार पर अथवा सरपंच, ग्रुप-ए या ग्रुप-बी अधिकारी या प्रधानाचार्य द्वारा मोहर और हस्ताक्षर सहित प्रमाणित यूआईडीएआई के मानक प्रमाणपत्र के माध्यम से कराया जा सकेगा।
आधार में छोटी गलती भी बन सकती है परेशानी
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान समय में आधार प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण पहचान बन चुका है। केंद्र और राज्य शासन की अनेक योजनाओं का लाभ आधार के माध्यम से हितग्राहियों तक पहुंचता है। किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन, विद्यार्थियों की अपार आईडी, पैन कार्ड और बैंक खातों की लिंकिंग जैसी प्रक्रियाओं में भी आधार की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में आधार में छोटी-सी त्रुटि भी पात्र हितग्राहियों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार और सफल आयोजन के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गांव-गांव मुनादी कराने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों तक इस सुविधा को पहुंचाकर आधार संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
आधार संबंधी अधिक जानकारी के लिए नागरिक माय आधार पोर्टल पर जा सकते हैं अथवा शिविर में उपस्थित ऑपरेटर से संपर्क कर सकते हैं।