बलरामपुर
लोकल एजेंट से लेकर अंतरराज्यीय परिवहनकर्ताओं तक की भूमिका आई सामने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर-रामानुजगंज,11 अक्टूबर। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रघुनाथनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित पशु तस्करी के मामले में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मवेशियों की खरीद-फरोख्त, स्थानीय स्तर पर सप्लाई, बिचौलियों के रूप में कमीशन लेने और मवेशियों को अंतरराज्यीय सीमा पार ले जाने के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इस मामले में पहले भी कार्रवाई करते हुए 34 भैंस एवं भैंसों को जब्त किया गया था। वहीं, 8 अक्टूबर को कथित मास्टरमाइंड और स्थानीय सप्लायर जितेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर को रघुनाथनगर पुलिस की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग केसारी गांव से मवेशियों को अवैध रूप से पैदल उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने गांव में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके से दीपक सोनवानी, निवासी केसारी, को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान 34 भैंस एवं भैंसों को जब्त किया गया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को मामले में कथित मास्टरमाइंड एवं स्थानीय सप्लायर जितेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ के दौरान पशु तस्करी नेटवर्क से जुड़े पांच अन्य आरोपियों के नाम सामने आए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में ऐनुल्लाह अंसारी झारखंड, वर्तमान निवास सूरजपुर, पर स्थानीय एजेंट और मवेशी सप्लायर के रूप में काम करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि वह आसपास के गांवों से मवेशी खरीदकर सीमा पार सप्लायरों तक पहुंचाने का काम करता था। उसके खिलाफ चलगली थाने में भी पशु तस्करी से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
इसी तरह जैनुल अंसारी नरौला, जिला सूरजपुर, और रमजान अंसारी डाइकरवा, जिला सूरजपुर, पर पशु तस्करों के लिए स्थानीय स्तर पर मवेशियों की खरीद-फरोख्त कराने, मध्यस्थता करने और इसके बदले कमीशन लेने का आरोप है।
वहीं, ईसराज अहमद और तस्लिम दोनों निवासी जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश, पर परिवहनकर्ता के रूप में काम करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा के पास जंगल क्षेत्र से मवेशियों को पिकअप में लोड कर उत्तर प्रदेश में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचाते थे।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के अंतर्गत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, जिले में पशु तस्करी के संगठित नेटवर्क को तोडऩे के लिए अभियान जारी है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।