बलरामपुर
टुकु नाला पर पुलिया निर्माण का दिया भरोसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 10 अक्टूबर। ग्राम पंचायत गम्हरिया के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की समस्या सुनने के लिए क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने चिनियाँ खेल मैदान के पास अपना काफिला रुकवाया। ग्रामीणों ने गम्हरिया स्थित टुकु नाला पर पुलिया निर्माण की मांग रखी। मंत्री ने उनकी बात गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आवश्यक पहल और यथाशीघ्र कार्रवाई के प्रयास करने का आश्वासन दिया।
मंत्री श्री नेताम अपने निवास से रामानुजगंज में आयोजित पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत गम्हरिया के ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उनसे मिलने आ रहे हैं, लेकिन समय पर नहीं पहुँच सके। सूचना मिलते ही उन्होंने रास्ते में काफिला रुकवाकर सभी से आत्मीय मुलाकात की।
ग्रामीणों ने बताया कि टुकु नाला से होकर गुजरने वाला मार्ग ग्राम पंचायत गम्हरिया को मुख्य सडक़ से जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों का आवागमन होता है। पुलिया के अभाव में बरसात के दौरान आवाजाही में परेशानी होती है और विद्यार्थियों को जोखिम उठाकर विद्यालय जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने इसे पंचायत की प्रमुख समस्या बताते हुए पुलिया निर्माण की मांग की।
मंत्री श्री नेताम ने ग्रामीणों की परेशानियों को समझते हुए मांग के समाधान हेतु आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया। व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद समय निकालकर समस्या सुनने पर उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य अशर्फी यादव, सरपंच सुषमा सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री इरफान अंसारी, उपसरपंच जयमंगल सिंह, बूथ अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, नरेश यादव, मंजूर आलम, कृष्णा यादव, रामलाल सिंह, देवनारायण सिंह, अरविंद यादव, मंसूर आलम, सुरेश यादव, प्रयाग यादव, विचारन राम रमेश सिंह राजू राम, पारसनाथ यादव, सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।