बलरामपुर

विराट शिव गुरु महोत्सव, हजारों भक्त उमड़े
10-Oct-2026 9:08 PM
विराट शिव गुरु महोत्सव, हजारों भक्त उमड़े

छत्तीसगढ़ के साथ झारखंड और उत्तरप्रदेश से भी पहुंचे शिव शिष्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज,10 अक्टूबर। नगर के बालक हाई स्कूल मैदान में शनिवार, को शिव शिष्य हरिन्द्रानन्द फाउंडेशन के तत्वावधान में विराट शिव गुरु महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में 25 हजार से अधिक शिव शिष्य शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ झारखंड और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में शिव शिष्य पहुंचे। आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उनकी पत्नी पुष्पा नेताम, पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

महोत्सव में शिव शिष्य परिवार के जिला अध्यक्ष पंचम कुशवाहा, मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में शिव शिष्य परिवार के सदस्य मौजूद रहे। आयोजन में भगवान शिव के गुरु स्वरूप से प्रत्येक व्यक्ति को जोडऩे तथा शिव को गुरु मानने की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

शिव केवल नाम के नहीं, काम के भी गुरु हैं -दीदी बरखा आनंद

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता दीदी बरखा आनंद ने शिव शिष्य साहब श्री हरिन्द्रानन्द जी के संदेश को साझा करते हुए कहा कि भगवान शिव केवल नाम के नहीं, बल्कि काम के भी गुरु हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान शिव के औढरदानी स्वरूप से धन, धान्य, संतान और संपदा प्राप्त करने की मान्यता प्रचलित है, तो उनके गुरु स्वरूप से ज्ञान क्यों नहीं प्राप्त किया जाए? ज्ञान के अभाव में किसी भी संपत्ति या संपदा का उपयोग घातक हो सकता है।

उन्होंने कहा कि भगवान शिव जगतगुरु हैं। इसलिए किसी भी धर्म, जाति, संप्रदाय या लिंग का व्यक्ति उन्हें अपना गुरु मान सकता है।

 शिव का शिष्य बनने के लिए किसी पारंपरिक औपचारिकता अथवा दीक्षा की आवश्यकता नहीं है। केवल मन में यह विचार करना कि शिव मेरे गुरु हैं, शिव की शिष्यता की शुरुआत है। इस विचार को स्थायी रूप से आत्मसात करना ही व्यक्ति को शिव का शिष्य बनाता है।

तीन सूत्रों से शिव की शिष्यता का संदेश

दीदी बरखा आनंद ने शिव का शिष्य बनने के तीन सूत्र बताए। पहला, मन ही मन भगवान शिव से कहना कि हे शिव, आप मेरे गुरु हैं, मैं आपका शिष्य हूं, मुझ शिष्य पर दया कर दीजिए। दूसरा, लोगों को सुनाना और समझाना कि शिव गुरु हैं, ताकि अन्य लोग भी उन्हें अपना गुरु बना सकें। तीसरा, मन ही मन अपने गुरु शिव को प्रणाम करना। इच्छानुसार नम: शिवाय मंत्र के माध्यम से भी प्रणाम किया जा सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन तीन सूत्रों के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के अंधविश्वास या आडंबर का कोई स्थान नहीं है।

1974 में शिव को गुरु मानने से शुरू हुई अवधारणा

कार्यक्रम में भैया अर्चित आनंद ने कहा कि शिव शिष्यता की अवधारणा पूरी तरह आध्यात्मिक है। इसका उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को भगवान शिव के गुरु स्वरूप से जोडऩा है। उन्होंने कहा कि शिव के शिष्य और शिष्याएं अपने आयोजनों के माध्यम से यही संदेश देते हैं कि भगवान शिव गुरु हैं और संसार का प्रत्येक व्यक्ति उनका शिष्य बन सकता है।

उन्होंने बताया कि शिव शिष्य साहब श्री हरिन्द्रानन्द जी ने वर्ष 1974 में भगवान शिव को अपना गुरु माना था। इसके बाद 1980 के दशक तक शिव शिष्यता की यह अवधारणा भारत के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक रूप से फैलने लगी। श्री हरिन्द्रानन्द जी और उनकी धर्मपत्नी दीदी नीलम आनंद जी ने जाति, धर्म, लिंग, वर्ण और संप्रदाय से परे मानव मात्र को भगवान शिव के गुरु स्वरूप से जुडऩे का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में भगवान शिव को आदिगुरु, परमगुरु और जगतगुरु के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। साधुओं, शास्त्रों और मनीषियों ने भी भगवान शिव के गुरु स्वरूप की महिमा का वर्णन किया है।

एक दिन पहले से पहुंचने लगे थे शिव शिष्य

विराट शिव गुरु महोत्सव को लेकर रामानुजगंज में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं। छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा झारखंड और उत्तर प्रदेश से शिव शिष्य एक दिन पहले से ही पहुंचने लगे थे। आयोजन स्थल पर व्यवस्था संभालने के लिए सुबह से ही स्वयंसेवक जुटे रहे।

आयोजन में लगभग एक हजार महिला स्वयंसेवक पीली साड़ी में तथा करीब 500 पुरुष स्वयंसेवक काली पैंट और सफेद शर्ट में व्यवस्था संभालते नजर आए। बड़ी संख्या में शिव शिष्यों की उपस्थिति के बीच पूरे कार्यक्रम में भगवान शिव को गुरु मानने और इस आध्यात्मिक विचार को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट