बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 10 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री एवं रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम ने शनिवार को अपने गृह ग्राम सनावल में प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने गांव में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
छात्रावास निरीक्षण के दौरान मंत्री नेताम ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर भविष्य के लिए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंत्री नेताम ने कहा कि बच्चों का बेहतर भविष्य, उनकी मुस्कान और उनके सपनों को नई उड़ान देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यार्थियों को अनुकूल वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढक़र अपने लक्ष्य हासिल कर सकें।
स्टेडियम से निखरेगी ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा
इसके बाद मंत्री ने सनावल में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के युवा खिलाडिय़ों को अभ्यास करने, अपनी खेल प्रतिभा निखारने और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के अवसर मिलेंगे। ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें आगे बढऩे के लिए बेहतर सुविधाएं और उपयुक्त मंच उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना का विकास युवाओं को नई दिशा देने के साथ ही खेल जगत में उनकी संभावनाओं को मजबूत करेगा।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मुंशी राम शांडिल्य, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बलवंत सिंह एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।