बलरामपुर

सेवा ज्योति यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
07-Oct-2026 8:22 PM
सेवा ज्योति यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सच्ची सेवा-कृषि मंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर,7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला बलरामपुर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय में भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। हाई स्कूल मैदान से शुरू हुई यात्रा भाजपा जिला कार्यालय पहुंची। यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

यात्रा के भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने के बाद आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन प्रसारित किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को उत्साह के साथ सुना। लाइव संबोधन के दौरान सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों ने कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामणि निकुंज, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सेवा ज्योति यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत डौरा में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कृषि मंत्री रामविचार नेताम शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था भी की गई।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 137 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 17 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन और जनता के बीच भरोसे का सेतु है। पहले ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनके निराकरण का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने तथा किसानों से एग्री स्टैक में अनिवार्य रूप से पंजीयन कराने की अपील की।

गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मानित

शिविर के दौरान कृषि मंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कर उन्हें स्वस्थ मातृत्व की शुभकामनाएं दीं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

मंत्री ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। सेवा ज्योति यात्रा और सेवा सेतु शिविर के माध्यम से बलरामपुर में संगठन, सेवा और जनसहभागिता का संदेश दिया गया।


अन्य पोस्ट